8 माह पहले हुई शादी, पत्नी की संदिग्ध मौत, सचिवालय के कार्मिक पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
DEHRADUN: उत्तराखंड सचिवालय में तैनात एक निजी सचिव की पत्नी की संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गई है। आरोप है कि पति ने दहेज के लिए शिक्षिका पत्नी की हत्या कर दी। इस मामले में पति समेत 3 लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है।
घटना हर्रवाला चौकी के अंतर्गत की है, जहां विवाह के महज आठ महीने बाद शिक्षिका के पद पर तैनात सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर -श्रीकोट निवासी सृष्टि कंडारी पेशे से सरकारी शिक्षिका थीं, उसका विवाह नवंबर 2025 में देहरादून के हर्रावाला के रहने वाले सौरभ खत्री से हुआ था। सौरभ खत्री उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत है। सृष्टि की 29 जुलाई को रहस्यमय तरीके से मौत हो गयी थी। सृष्टि की मां सीमा कंडारी की तहरीर पर डोईवाला थाने में बीएनएस की धारा 80 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में दावा किया गया है कि शादी के बाद से सृष्टि को दहेज और अन्य कारणों को लेकर लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष सृष्टि को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। उसे मनहूस कहकर अपमानित किया जाता था। तहरीर के अनुसार, ससुराल पक्ष द्वारा सृष्टि से कहा जाता था कि उसके घर आने के बाद परिवार में अशुभ घटनाएं होने लगी हैं और उसके कारण ही परिवार के एक सदस्य की मृत्यु हुई।
पीड़िता की मां ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। सृष्टि ने मौत से पहले एक वीडियो बनाकर अपनी पीड़ा भी व्यक्त की। और ससुरालियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। वीडियो बनाने के बाद सृष्टि की तबियत बिगड़ने पर ससुराली कैलाश हॉस्पिटल ले गए। जहां चिकित्सकों ने सृष्टि को मृत घोषित कर दिया।