गैरसैंण विधानसभा सत्र में हंगामे के आसार, विधायक पूछेंगे 445 सवाल, अनुपूरक बजट पेश करेगी सरकार
GAIRSAIN: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में मंगलवार से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में सर्द मौसम के बीच सियासी पारा चढ़ने के आसार हैं। सरकार जहां अनूपूरक बजट पेश करेगी वहीं विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार को जोरदार ढंग से घेरने की तैयारी में है। विधायकों औऱ मंत्रियों के 445 सवालों के जवाब भी सरकार को सदन में देने होंगे।
विधानसभा सत्र 27 अक्टूबर से भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में शुरू होने जा रहा है। पहले दिन निधन के निदेश होंगे और शाम के समय सरकार अनुपूरक बजट पेश करेगी । दूसरे दिन सरकार बजट पर चर्चा करके पास कराएगी। सत्र के पहले ही दिन प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस, प्रदेश प्रधान संगठन और उत्तराखंड क्रांति दल के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। इस दोतरफा चुनौती से निपटने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र और गैरसैंण परिक्षेत्र को 5 सुपर जोन और 13 सेक्टरों में विभाजित किया गया है. प्रत्येक जोन और सेक्टर की निगरानी के लिए एडिशनल एसपी (अपर पुलिस अधीक्षक) और डिप्टी एसपी (पुलिस उपाधीक्षक) रैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को मोर्चे पर तैनात किया गया है। शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 1500 पुलिस जवानों का भारी बल मुस्तैद किया गया है।

सत्र के लिए 31 विधायकों ने 445 सवाल लगाए हैं। विधानसभ अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी का कहना है किसत्र के दौरान विधायकों को अपनी बात रखने और जनसमस्याओं को सदन में उठाने का पर्याप्त अवसर देने का प्रयास किया जाएगा।
सीएम धामी का जगह जगह स्वागत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सोमवार को विधानसभा सत्र में प्रतिभाग करने के लिए भराड़ीसैंण (गैरसैंण) आगमन के दौरान रुद्रप्रयाग एवं चमोली जनपद में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आदिबद्री मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने आदिबद्री में स्थानीय दुकानों पर पहुंचकर लोगों और बच्चों से मुलाकात की तथा उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से आत्मीय संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्थानों पर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनके स्नेह और आत्मीय स्वागत के लिए सभी का हार्दिक आभार व्यक्त किया।