सोमेश्वर- विवादों के बाद मायके पहुंचकर भावुक हुई मंत्री रेखा आर्या, करप्शन के आरोप पर कांग्रेस ने किया तीखा विरोध
SOMESHWAR: पति गिरधारी लाल साहू से विवाद और भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद मंत्री रेखा आर्या पहली बार अपनी विधानसभा सोमेश्वर पहुंची। इस दौरान रेखा आर्या ने धन्यवाद रैली के बहाने शक्ति प्रदर्शन किया। जनसमर्थन देखकर रेखा आर्या भावुक हो गईं। उधर मंत्री पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर सोमेश्वर में कांग्रेस ने काले झंडे दिखाकर रेखा आर्या का तीखा विरोध किया।
रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में रेखा आर्या ने सोमेश्वर को अपना मायका बताते हुए कहा कि यहां की जनता ने उन्हें हमेशा बेटी की तरह स्नेह और आशीर्वाद दिया है। जनता का यह विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी और ताकत है। आने वाले विधानसभा चुनाव में भी यहां की जनता उन्हें अपना प्यार देगी। रेखा आर्या ने कहा कि सोमेश्वर से उनका भावनात्मक रिश्ता है। यहां की जनता ने विषम परिस्थितियों में भी जिस तरह उनका साथ दिया है, उसे वह कभी नहीं भूलेंगी। रास्ते में कितनी भी चुनौतियां आएं, वह पीछे हटने वाली नहीं हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कहा कि विपक्ष को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए।

रेखा आर्या ने कहा कि हाल के घटनाक्रम से उन्हें बहुत पीड़ा हुई, पहले वो काफी बरसों तक सहती रही, लेकिन जब पानी सर से ऊपर आ गया तो बच्चों की खातिर उन्हें आवाज उठानी पड़ी। उन पर तरह तरह के आरोप लगने से जब भारी पीड़ा हुई तो मैं अपने मायके आई, अपने भाई बहनों का साथ मांगने।
कांग्रेस का प्रदर्शन
उधर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रेखा आर्या के खिलाफ सोमेश्वर में जोरदार प्रदर्शन किया। 210 करोड़ की कथित संपत्ति आरोपों की जांच की मांग को लेकर कांग्रेस ने मंत्री का पुतला दहन किया और जुलूस निकाला। साथ ही काले कपड़े दिखाकर रेखा आर्या का विरोध किया।

गिरधारी लाल साहू को लगा झटका, हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू ने अपनी गिरफ्तारी पर रोक और दर्ज मुक़दमे को निरस्त करने को लेकर नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इस याचिका पर आज 30 अक्टूबर शुक्रवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद कोर्ट ने फिलहाल गिरधारी लाल साहू को कोई राहत नहीं दी। कोर्ट ने इस मामले पर सरकार और शिकायतकर्ता से तीन नवंबर तक जवाब पेश कारने को कहा है। मामले के अनुसार गिरधारी लाल साहू ने याचिका दायर कर कहा था कि उन पर दर्ज मुकदमे में उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोप झूठे है। उन्हें गलत तरीके से फंसा कर झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है. उनकी शादी वर्ष 2004 हुई थी, तब से वे अपनी पत्नी के साथ हैं।