बागेश्वर में डबल मर्डर से मचा हड़कंप, शराबी भतीजे ने लोहे की रॉड से की चाचा-चाची की हत्या
BAGESHWAR: बागेश्वर के बैजनाथ कोतवाली क्षेत्र के नरगवाड़ी गांव में सोमवार सुबह दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। यहां एक युवक ने अपने चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, नरगवाड़ी गांव निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया ने देर रात अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें उपचार के लिए सीएचसी बैजनाथ ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस खूनी संघर्ष में बीच-बचाव में आई परिवार की एक अन्य महिला पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर है।
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात गोविंद वल्लभ खोलिया ने नशे की हालत में उत्पात मचाना शुरू किया। सबसे पहले आरोपी ने घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची भगवती देवी (54) पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, इसके बाद वह नीचे वाले कमरे में गया और चाचा पूरन चंद्र खोलिया (58) को भी लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा। दोनों को गंभीर चोटें आईं।
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही चल सकेगा।
भतीजे के कराई थी शिकायत
गोविंद वल्लभ की इस हरकतों से परिवार इतना परेशान था कि उन्होंने करीब 5-6 महीने पहले उसके खिलाफ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना से ठीक एक दिन पहले भी आरोपी के इस तरह के आपत्तिजनक व्यवहार को लेकर शिकायत की गई थी, लेकिन वो सुधरने को तैयार नहीं था।