शिक्षिका सृष्टि कंडारी दहेज हत्या मामले में बड़ा एक्शन, पति और ननद गिरफ्तार  

Share this news

DOIWALA:  श्रीनगर श्रीकोट की रहने वाली शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दहेज हत्या के मुकदमे में नामजद पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल कर रही है।

बता दें कि 29 जुलाई को टिहरी की स्कूल में तैनात एलटी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इसके बाद मृतका की मां सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विवाह के बाद से ही उनकी पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और पति, सास तथा ननद द्वारा उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। आरोप लगाया कि सृष्टि को कभी दहेज की मांग को लेकर तो कभी अपशकुन और मनहूस कहकर परेशान किया जाता था। ससुराल में होने वाली किसी भी अनहोनी के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया जाता था। इस बीच सृष्टि का मौत से पहले का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह आपबीती बता रही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु) के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने जांच क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा को सौंपी और उनके नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने त्वरित साक्ष्य संकलन करते हुए परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। उधर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने भी मामले की सीबी-सीआईडी जांच को मंजूरी दी थी।

प्राप्त साक्ष्यों और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने 1 अगस्त को नामजद आरोपी सौरभ खत्री (36 वर्ष) और सुरभि खत्री उर्फ चारू (37 वर्ष) को लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को मेडिकल के लिए डोईवाला अस्पताल ले जाया गया।

(Visited 2 times, 2 visits today)

You Might Be Interested In