अठूरवाला में धीरेंद्र पंवार ने सुनी जौलीग्रांट एयरपोर्ट विस्तार से प्रभावितों की समस्याएं

Share this news

DEHRADUN: उत्तराखंड मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेंद्र पंवार सोमवार को  जॉलीग्रांट एयरपोर्ट विस्तारीकरण प्रोजेक्ट से प्रभावित स्थानीय लोगों से मुलाकात करने पहुंचे। उन्होंने अठूरवाला में प्रभावितों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

बैठक के दौरान एयरपोर्ट प्रभावितों और अठूरवाला संघर्ष समिति के अध्यक्ष मंजीत सजवाण ने बताया कि अठूरवाला के लोगों को तीसरी बार विस्थापित किया जा रहा है, लेकिन उनकी प्रमुख मांगों पर शासन-प्रशासन की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि करीब 52 दिनों तक चले धरने-प्रदर्शन के दौरान शासन-प्रशासन के लोगों ने मौके पर आकर उनकी मांगें मानने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद प्रभावितों ने 2 जनवरी को धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया था। लेकिन महीनों बीतने के बावजूद अभी तक किसी भी मांग पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

विपुल सजवाण ने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तारीकरण में करीब सौ से अधिक परिवारों को अपना घर छोड़ना पड़ रहा है, इसलिए प्रभावितों को उचित मुआवजा दिए जाने के साथ ही उनकी मांगों पर ध्यान दिया जाना चाहिए। यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो प्रभावित दोबारा धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

इस पर राज्य मंत्री धीरेन्द्र पंवार ने प्रभावितों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रभावितों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ नागरिक उड्डयन सचिव से बातचीत कर समाधान करने का प्रयास करेंगे और उन्हें उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार हर प्रभावित व्यक्ति को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

 

 

(Visited 1 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In