एक बारिश नहीं झेल पाया 16 करोड़ का पुल, 12 घंटे बाद यातायात शुरू, एप्रोच रोड़ की मरम्मत का काम पूरा
DEHRADUN: देहरादून में नंदा की चौकी के पास बने नए नवेले पुल पर 12 घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारू हो गया है। मंगलवार सुबह पुल की एप्रोच रोड़ धंस गई थी, यहां बहुत बड़ा गड्ढा हो गया था जिससे पूरे पुल पर खतरा मंडराने लगा था। शाम करीब 7 बजे मरम्मत का काम पूरा होते ही पुल से वाहनों का आवाजाही सुचारू कर दी गई।
बता दें कि मंगलवार सुबह एप्रोच रोड धंसने से कई सवाल खड़े हो रहे थे। पिछले साल नंदा की चौकी का पुल भारी बारिश के बाद बह गया था, तब से यहां पुल निर्माण का कार्य चल रहा था। पिछले महीने ही नया पुल बनने के बाद यहां यातायात सुचारू हुआ था। नए पुल के निर्माण पर 16 करोड़ रुपए की लागत आई है। लेकिन मंगलवार को पुल के मुहाने पर एप्रोच रोड पर बड़ा गड्ढा हो गया था, जिससे सवाल उठने लगे थे। लोग चुटकी ले रहे थे कि 16 करोड़ की लागत का पुल 16 दिन भी नहीं चला।
हालांकि सड़क धंसने के बाद से ही जिला प्रशासन की टीम निरंतर मौके पर मौजूद थी और तेजी से मरम्मत का काम भी शुरू हो गया था। शाम 7 बजे तक मरम्मत का काम पूरा किया गया और यातायात शुरू कर दिया गया है।
जांच के आदेश
एप्रोच रोड धंसने के मामले में शासन ने तीन दिन में जांच रिपोर्ट तलब कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने पूरे मामले की प्राथमिक जांच के औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं। सचिव ने क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून के मुख्य अभियंता को तीन दिन के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट में घटना के तकनीकी कारणों, निर्माण कार्य से जुड़े तथ्यों, अभिलेखीय साक्ष्यों और उत्तरदायित्व का स्पष्ट उल्लेख करने को कहा गया है। सचिव की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों और समाचारों के जरिए देहरादून-पांवटा साहिब पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदा की चौकी स्थित टौंस नदी पर बने नव-निर्मित पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।