गृह मंत्री अमित शाह बोले मोदी धामी ने बदली उत्तराखंड की तस्वीर, अबकी बार 65 पार का नारा दिया
DEHRADUN: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज उत्तराखंड के दौरे पर हैं। परेड ग्राउंड में अमित शाह ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ करते हुए उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों को गिनवाया। अमित शाह ने बीजेपी को भी चुनाव के लिए कमर कसने का संकेत दिया और अबकी बार 65 से ज्यादा सीटें हासिल करने का लक्ष्य दिया।
परेडज ग्राउंड में रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार SIR पर झूठा नैरेटिव फैला रहे हैं। लेकिन हम घुसपैठियों को हर हाल में देश से बाहर निकालेंगे। अमित शाह ने हरीश रावत पर भी इशारों इशारों में तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ही सरकार शुक्रवार को स्कूलों की छुट्टी करती है, लेकिन धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लाने वाला पहला राज्य बनता है। यहां 4-4 शादियां करने और तीन तलाक लेने की किसी को इजाजत नही दी गई।
सीएम पुष्कर सिंह धामी की तारीफ में अमित शाह ने कहा कि जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा था, तब मुझे इस पर थोड़ा संदेह हुआ था। इसके बाद मैंने खुद राज्य के मुख्य सचिव को फोन करके इस आंकड़े की पुष्टि की। अमित शाह ने कहा कि आज पूरे एक लाख खरोड़ का निवेश धरातल पर उतरा है।
अबकी बार 65 पार
अमित शाह ने बीजेपी को चुनाव के लिए तैयार रहने और बड़ा टारगेट सेट करने के संकेत भी दिए। उन्होंने कहा कि पिछली बार हमें 47 सीटें मिली, उससे पहले 57 सीटें मिली, लेकिन इस बार इतने से संतुष्ट नहीं होना है। जो कार्य उत्तराखंड में किए गए हैं, उनको जनता अपना पूरा आशीर्वाद देगी इसलिए इस बार 65 सीटें हासिल करने का लक्ष्य होना चाहिए।
₹1475.31 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ₹1475.31 करोड़ की 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों की ₹1073.11 करोड़ की 44 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹402.20 करोड़ की 18 योजनाओं का लोकार्पण किया। इन योजनाओं से प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, शहरी विकास, शिक्षा, पर्यटन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत ऊर्जा विभाग की यूपीसीएल से संबंधित ₹472.33 करोड़ की 20 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹77.93 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं से प्रदेश में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत संबंधी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में सहायता मिलेगी। पेयजल क्षेत्र में पेयजल निगम की ₹191.17 करोड़ की आठ योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹82.03 करोड़ की पांच योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त जल संस्थान की ₹62.30 करोड़ की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आमजन को पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग की ₹18.78 करोड़ की एक योजना का शिलान्यास तथा ₹99.68 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। शहरी विकास विभाग की ₹92.25 करोड़ की चार योजनाओं का शिलान्यास एवं ₹10.95 करोड़ की एक योजना का लोकार्पण किया गया। इनमें आगामी कुम्भ मेला-2027 के दृष्टिगत हरिद्वार में सड़क, पुल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से संबंधित कार्य भी शामिल हैं। इन योजनाओं से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन एवं अन्य क्षेत्रों से संबंधित इन विकास कार्यों का लाभ आमजन को मिलेगा।