पौड़ी: भूस्खलन की चपेट में आया महरगांव का एक घर, तीन लोग मलबे में दबे
PAURI: पौड़ी जिले में भारी बारिश का कहर बरपा है। द्वारीखाल ब्लॉक के महरगांव में एक घर बारिश के बाद मलबे की चपेट में आ गया। हादसे में एक 4 साल के बच्चे समेत तीन लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है। उधर सतपुली गुमखाल मार्ग पर जगह जगह भूस्खलन का थखतरा बना हुआ है। यहां बैरगांव में भी एक घर को मलबे से भारी नुकसान पहुंचा है।
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच ग्राम सभा महरगांव, ब्लॉक द्वारीखाल में मलबा आने से तीन लोगों के दबे होने की सूचना मिल रही है। ग्रामीणों के अनुसार, जिस घर में मलबा आया है, उसमें दो से तीन लोग मौजूद थे, जो घटना के बाद से लापता बताए जा रहे हैं। सुबह से ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुटे हुए हैं और अपने स्तर पर मलबा हटाकर लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। लगातार बारिश के बीच ग्रामीणों द्वारा फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उधर सतपुली के समीप बैरगांव में एक महिला का मकान मलबे की चपेट में आने की सूचना है। लगातार बारिश के चलते नगर पंचायत सतपुली क्षेत्र में भी कई स्थानों पर मलबा जमा हो गया है। राजकीय इंटर कॉलेज बंघाट जाने वाली सड़क मलबे से अटी पड़ी है, जिससे आवाजाही प्रभावित हो रही है।
दुगड्डा के नजदीक कोटद्वार पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग भी पर खतरा बना हुआ है। यह मार्ग भूस्खलन के कारण कई घंटों तक बंद रहा था, हालांकि अब यातायात सुचारू किया गया है लेकिन भूस्खलन का खथरा बरकरार है।