भाजपा पार्षद के घर लूटपाट करके नौकर फरार,  खाने में जहरीला पदार्थ मिला कर किया था बेहोश

Share this news

DEHRADUN:  देहरादून नगर निगम में भाजपा पार्षद अमिता सिंह को उनके घर में जहर देकर लूटपाट का मामला सामने आया है।आरोप है कि अमिता सिंह के घर में नौकर ने परिवार के सदस्यों को विषाक्त पदार्थ पिला दिया। इसके बाद उसने घर में लूट की और मौके से फरार हो गया।घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।

विषाक्त पदार्थ पिलाए जाने के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। पार्षद अमिता सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उनके पति महिपाल सिंह और बेटे की हालत ठीक बताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के पीछे घर में काम करने वाले नौकर पर ही आरोप है। नौकर द्वारा भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाने की घटना घर के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

भाजपा पार्षद अमिता सिंह का घर बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास है। अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक उनकी बेटी ने बीस दिन पहले नेपाली मूल के व्यक्ति को दिल्ली से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिये हायर किया था। मंगलवार रात घरेलू सहायक ने भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य बेहोश हो गए। इसी दौरान वह घर में रखे सोने के आभूषण लेकर अपने अन्य साथियों के साथ फरार हो गया। परिवार के सदस्यों को होश आने पर घटना की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही फरार नौकर की तलाश की जा रही है।

 

(Visited 1 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In