नर्सिंग अभ्यर्थियों ने स्वास्थ्यमंत्री के घर के बाहर आत्महत्या का प्रयास, एक की हालत गंभीर

Share this news

DEHRADUN: वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर चल रहा नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन बुधवार शाम को गंभीर मोड़ पर पहुंच गया जब स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के आवास के बाहर प्रदर्शन के रही 4 महिला नर्सिंग अभ्यर्थियों ने आत्महत्या का प्रयास कर लिया। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से एकता विहार में वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर लगातार धरना दे रहे हैं। बुधवार को अभ्यर्थी स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान चार महिला अभ्यर्थियों ने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल चारों को अपने वाहनों से दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में सभी का उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीर नहीं है और उनकी सुध लेने को तैयार नहीं है। वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर उनका आंदोलन लंबे समय से जारी है। घटना के बाद भी स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर अभ्यर्थियों का धरना जारी है। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

इस घटना के बाद नर्सिंग अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है। अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि उनकी वर्षवार भर्ती की मांग को जल्द पूरा किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके।

(Visited 1 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In