कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर खाई में गिरी जीएमओयू की बस, 30 यात्री थे सवार, मची चीख पुकार

Share this news

PAURI: पौड़ी कोटद्वार मार्ग पर बुधवार को बड़ी अनहोनी टल गई। कोटद्वार से श्रीनगर जा रही जीएमओयू की बस भदालीखाल के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि बस पेड़ पर अटक गई  जिससे बडा हादसा चल गया। बस में चालक समेत करीब 30 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, जीएमओयू की हिमगिरी बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। बस को कोटद्वार निवासी अशोक ममगाईं चला रहे थे। चालक के मुताबिक, बस में करीब 30 यात्री सवार थे। दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया। इससे बस आगे नहीं बढ़ सकी। सड़क पर पीछे की ओर ढलान होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और बाईं ओर स्थित खाई में जा गिरी। इस दौरान बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई।

हादसे की सूचना मिलते ही दुगड्डा चौकी, गुमखाल चौकी और कोतवाली लैंसडौन से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बस के पेड़ से टकराकर रुक जाने और सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली।

(Visited 64 times, 64 visits today)

You Might Be Interested In