लंबे इंतजार के बाद  ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी, किसानों को राहत, पर्यटकों के खिले चेहरे

Share this news

DEHRADUN: लंबे इंतजार के बाद बसंत पंचमी के मौके पर आखिरकार मौसम ने करवट ली है। बीती रात से गंगोत्री यमुनोत्री बदरी केदार धामों समेत धनोल्टी, चकराता, टिहरी में भी सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। बर्फ की फुहारों से पहाड़ों ने सफेद चादर ओढ़ ली है, जिससे मौसम बेहद ठंडा हो गया है। लंबे समय बाद बर्फबारी होने से पर्यटकों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है साथ ही किसानों के लिए ये किसी वरदान की तरह है।

शुक्रवार को मौसम विभाग ने बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया था। और कल रात से ही केदारनाथ धाम, गंगोत्री धाम, यमुनोत्री के शीतकालीन प्रवास खरसाली में जमकर बर्फबारी हुई है। केदारनाथ में पहले भी बर्फबारी हुई लेकिन गंगोत्री में इस वर्ष पहली बार हिमपात हुआ।

उधर चकराता हिल स्टेशन, लोखंडी, धनोल्टी, सुरकंडा में भी सीजन की पहली बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे पर मुस्कान लौटी है। क्रिसमस औऱ नए साल के आगमन के वक्त इस बार मौसम शुष्क रहा था, जिससे पर्यटकों को निराशा हाथ लगी थी। चकराता की पहाड़ियों लोखंडी, आसमाड़, खड़म्बा, देवबन, मशक, कोटी कंसार और मुंडोई सहित कई इलाकों में साल की पहली बर्फबारी हुई है। बर्फ गिरने के साथ पूरे क्षेत्र में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है।

बर्फबारी के बाद तापमान में भी गिरावट आई है। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप का सिलसिला रुक गया है। देहरादून में हल्की बारिश से ठंड बढ़ गई है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में में बारिश की खबरें हैं। यहां बारिश औऱ बर्फबारी का आगे भी अनुमान जताया गया है। अन्य जिलों में ओलावृष्टि व झोंकेदार हवाओं का येलो अलर्ट है।

 

 

(Visited 59 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In