गौरीकुंड भूस्खलन में लापता लोगों की तलाश सातवें दिन भी जारी,  दो और शव बरामद,  18 अभी भी लापता

Share this news

RUDRAPRAYAG: गौरीकुंड भूस्खलन की घटना के बाद लापता लोगों में से गुरुवार को 2 और शव बरामद कर लिए गए हैं। रेस्क्यू कार्य में लगी एजेंसियों ने दो शव बरामद किए जिनमें से एक शव की शिनाख्त हो चुकी है। कुल लापता 23 लोगों में से अब तक 5 के शव मिल चुके हैं, जबकि बाकी 18 की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि 3 अगस्त की रात गौरीकुंड डाटपुलिया के समीप भारी भूस्खलन के कारण लापता हुए 20 लोगों का आज सातवें दिन भी घटना स्थल पर जिलाधिकारी के निर्देशन में सर्च और रेस्क्यू अभियान जारी है। सर्च अभियान के दौरान आज 20 लापता लोगों में से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। इस शख्स की पहचान वीर बहादुर नाम से हुई है। वीर बहादुर की पहचान उसकी जेब में मिले आधार कार्ड से की गई है. पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। डीडीआरएफ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, वाईएमएफ, पुलिस, प्रशासन की रेस्क्यू टीमें सर्च अभियान में जुटी हुई हैं. जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने यह भी बताया कि पुलिस थाना चौकियों एवं फायर सर्विस द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है

 

भूस्खलन हादसे में लापता नेपाली मूल के 14 लोगों के बारे में जिला प्रशासन ने नेपाल दूतावास से भी उनके बारे में जानकारी मांगी है। साथ ही पुलिस से भी यात्रा के दौरान बाहरी लोगों के सत्यापन के बारे में रिपोर्ट मांगी गई है।

3 अगस्त 2023 की रात को रुद्रप्रयाग जिले के गौरीकुंड की डाटपुलिया के पास जबरदस्त लैंडस्लाइड हुआ था। पहाड़ से गिरे मलबे की चपेट में आने से तीन दुकानें तबाह हो गई थी। उन तीन दुकानों में कुल 23 लोग सो रहे थे।

(Visited 344 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In