पहचान छिपाकर हिंदू युवतियों का शारीरिक शोषण, 17 लाख की ठगी, हिंदू संगठनों में आक्रोश जारी
BHIMTAL: नैनीताल के भीमताल में मुस्लिम युवक ने नाम छिपाकर कई युवतियों के यौन शोषण का मामला सामने आया है। आरोप है कि युनुस नाम के युवक ने बॉबी बनकर कई हिंदू लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर उनके साथ 17 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। युनुस के खिलाफ स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में आक्रोश है। लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लगातार तीसरे दिन भी प्रदर्शन किया।
भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट ने बताया कि कुछ युवतियों ने उन्हें एक समुदाय विशेष के युवक द्वारा नाम बदलकर, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और पैसे ऐंठने की जानकारी दी, जिस पर उन्होंने पुलिस को इस संबंध में तहरीर दी। आरोपी युनुस ने अपने आप को बॉबी या एमडी बनकर हिंदू लड़कियों को प्रलोभन देता था। उनके फोटो शूट या गिटार सिखाने का बहाना बनाकर उन्हें प्रेमजाल में फंसाता था और फिर शादी का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठता था।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपित के घर की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार आरोपित मौके से फरार मिला। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपित के कमरे से आधा दर्जन से अधिक मोबाइल फोन और लाखों रुपये का सामान और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है, जिसके बाद पुलिस ने कमरे को सील कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी के परिजनों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच में जुटी है।
घटना के बाद स्थानीय हिंदूवादी संगठनों और भाजपा पदाधिकारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने भीमताल कोतवाली पहुंचकर पुलिस-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सोमवार को भी आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हिंदू संगठनों ने मार्च निकाला और बुधवार कर गिरफ्तारी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।