पश्चिमी विक्षोभ ने बढ़ाई ठिठुरन, पहाड़ों में जबरदस्त बर्फबारी,मैदानों में बारिश से बढ़ी ठंड

Share this news

DEHRADUN: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तराखंड में भारी बारिश और हिमपात से पारा लुढ़क गया है। रविवार शाम से हो रही बारिश से जहां मैदानी क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई है, वहीं ऊंची चोटियों पर बर्फ की चादर पसर गई है। राजधानी देहरादून में भी बारिश और बादलों के बीच ठंड बढ़ गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर में बारिश और बर्फबारी हुई। उत्तरकाशी के यमुनोत्री, गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल, मुखबा, धराली, सुखी, पर्यटन स्थल सांकरी, फिताड़ी सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में देर रात्रि से जमकर हिमपात हो रहा है। यहां तीन फीट तक बर्फ गिर चुकी है। जनपद के निचले क्षेत्रों में बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है। बर्फबारी होने से गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सोनगाड़ से आगे बंद हो रखा है। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने पूर्व अनुमान जारी किया था कि जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश होगी।

चमोली में गोरसों,  नेलांगघाटी,  हेमकुंड साहिब, औली, बद्रीनाथ में भी बर्फ की चादर पसर गई है। जोशीमठ के दुख भुलाकर पर्यटक औली में बर्फबारी देखने के जुटने लगे हैं। रुद्रप्रयाग में केदारनाथ धाम पूरी तरह बर्फ के आगोश में समाया है। केदारनाथ से निचले हिस्से में भी बर्फ से लकदक हो गए हैं। चोपता, देवरिया ताल जैसे जगहों पर भी बर्फबारी से ठंडक तो बढ़ी है, लेकिन बर्फ देखने पर्यटकों के आने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। टिहरी जिले के धनोल्टी में भी हल्की बर्फबारी से मौसम ने करवट ली है। नागटिब्बा में मौसम का तीसरा हिमपात हुआ।

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बर्फबारी के कारण सोनगाड से लेकर गंगोत्री के बीच अवरुद्ध है। अभी हाईवे को सुचारू करने का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इसके अलावा धरासू यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग राड़ी टॉप के पास अवरुद्ध है। हनुमान चट्टी और जानकीचट्टी के बीच भी यमुनोत्री राजमार्ग बर्फबारी के कारण अवरुद्ध हुआ है।उत्‍तरकाशी जनपद के 15 संपर्क मार्ग भी बर्फबारी के कारण अवरुद्ध हो चुके हैं। ऋषिकेश धरासू हाईवे धरासू बैंड के पास मलबा आने के कारण अवरुद्ध है। जिसको खोलने का कार्य चल रहा है।

कुमाऊं में भी बागेश्वर औऱ पिथौरागढ़ में बर्फबारी देखने को मिली है। बागेश्वर के पिंडारी, फुरकिया, द्वाली में बर्फ गिरने की सूचना है। पिथौरगढ़ के मुन्यारी, थल में भी बर्फबारी की खबरें हैं।

 

(Visited 85 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In