उत्तराखंड के विधायक के फार्म हाउस में युवती से गैंगरेप, दरोगा समेत 4 गिरफ्तार
UP/UTTARAKHAND: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में हरियाणा की 23 साल की युवती से फार्म हाउस में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और CRPF के दो जवानों पर है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिस फार्म हाउस में घटना हुई, वह उत्तराखंड की खानपुर विधानसभा से निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा का बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, युवती हरियाणा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली है। 20 सितंबर को उसकी एक सहेली से बातचीत हुई थी। इसके बाद सहेली के माध्यम से उसकी मुलाकात CRPF के हेड कांस्टेबल मोहित से होने की बात सामने आई। मोहित ने उसे सोनीपत बुलाया था। 21 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे युवती सोनीपत पहुंची, जहां मोहित उसे अपनी ब्रेजा कार से मेरठ ले गया। रास्ते में उसने अपने साथी CRPF इंस्पेक्टर लालाराम यादव को भी कार में बैठा लिया।
युवती के बयान के मुताबिक, दोनों उसे लेकर अमरोहा के हसनपुर पहुंचे। हसनपुर कोतवाली के गेट पर उनकी मुलाकात सब इंस्पेक्टर संजय तोमर से हुई। इसके बाद सभी झुलपुरी (रझोहा) गांव के पास स्थित फार्म हाउस पहुंचे। वहां दो कमरे लिए गए। कुछ देर बाद हसनपुर कोतवाली का हेड कांस्टेबल प्रमोद मलिक खाना और शराब लेकर पहुंचा। इसके बाद चारों पुरुषों ने एक कमरे में बैठकर खाना खाया और शराब पी, जबकि युवती दूसरे कमरे में थी।
आरोप है कि कुछ देर बाद मोहित, लालाराम और संजय तोमर युवती के कमरे में पहुंचे और उसके साथ जबरदस्ती की। तीनों के बाहर जाने के बाद प्रमोद मलिक कमरे में पहुंचा। युवती ने उसे धक्का देकर बाहर किया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने इंटरनेट पर अमरोहा पुलिस का नंबर खोजा और रात में ही पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी।
एसपी लाखन सिंह यादव के अनुसार, 22 सितंबर की देर रात पुलिस को महिला के साथ जबरदस्ती किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला से जानकारी ली। उसकी शिकायत के आधार पर चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना जिस फार्म हाउस में हुई, वह हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में झुलपुरी (रझोहा) गांव के पास स्थित है। यह फार्म हाउस हरिद्वार जिले के खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा का बताया जा रहा है। इसे ‘डीडी ब्रदर्स फार्महाउस’ के नाम से भी जाना जाता है। वर्ष 2022 में यहां चोरी की घटना के बाद भी यह फार्म हाउस चर्चा में आया था।