देहरादून: लूट की वारदात में शामिल बदमाश एनकाउंटर में ढेर, थानाध्यक्ष को भी लगी गोली

Share this news

DEHRADUN:  देहरादून में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ ने सनसनी फैला दी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस दौरान प्रेमनगर थाना प्रभारी (SHO) नरेश राठौर को दो गोलियां लग गईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक बदमाश को भी ढेर कर दिया।  जबकि उसके 2 साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। फिलहाल एसएचओ और घटना में घायल एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है। एसएसपी देहरादून ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है, जबकि फरार बदमाशों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 29 और 30 अप्रैल की रात करीब 10:36 बजे कंट्रोल रूम (112) पर सूचना मिली कि प्रेमनगर के पौंधा रोड पर देवराज नामक व्यक्ति से बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूटपाट की। विरोध करने पर देवराज को गोली मार दी गई। बदमाश पीड़ित का नीले रंग का बैग लेकर फरार हो गए, जिसमें करीब 2 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। पीड़ित ने बताया कि आरोपी काले रंग की कार में सवार थे, जिस पर गुजरात नंबर प्लेट लगी थी और वे ‘विश्रांति’ की ओर भागे हैं।

सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर पुलिस टीम के साथ बदमाशों के पीछे निकले। पीछा करते हुए पुलिस को जंगल के रास्ते में संदिग्ध कार दिखाई दी। जैसे ही पुलिस ने उन्हें घेरने की कोशिश की, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। इस दौरान एक गोली SHO राठौर को लगी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में भाग गए, जिसकी तलाश जारी है।

घायल बदमाश,  पीड़ित देवराज और प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां बदमाश की मौत हो गई। भागे हुए बदमाशों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। घटना की सूचना पर तत्काल एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और एसपी सिटी प्रमोद कुमार घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे. जनपद में सभी नाकों और बैरियर पर नाकाबंदी करके सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जनपद के सभी बॉर्डर पर निगरानी, सघन चेकिंग की जा रही है, एसएसपी ने घायल थाना प्रभारी प्रेमनगर और पीड़ित के बारे में मौजूद अधिकारियों से जानकारी ली।

(Visited 117 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In