आपदा के जख्मों पर नमक छिड़क रहे क्षेत्र पंचायत सदस्य, विदेशी होटलों में कर रहे मौज, पिता को मुखाग्नि तक देने नहीं आया

Share this news

PAURI: एक तरफ उत्तराखंड प्राकृतिक आपदा से त्रस्त है। उत्तरकाशी से लेकर पौड़ी तक हाहाकार है। कई जानें चली गई। दूसरी तरफ उत्तराखंड में जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों के दावेदार सदस्यों की लामबंदी में जुटे हैं। इस बीच कुछ ऐसी तस्वीरें आई हैं जो आपदा के घावों पर नमक छिड़कने का काम कर रही हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव के लिए कजिला पंचायत सदस्यों औऱ क्षेत्र पंचायत सदस्यों की अघोषित किडनैपिंग, खेमेबंदी की खबरें आम होती हैं। इस बार भी वही हुआ। लेकिन पौड़ी के वरिष्ठ पत्रकार मनोहर बिष्ट ने एक ऐसा वीडियो शेयर किया है जो आपदा के जख्मों पर नमक छिड़क रहा है। दरअसल पौड़ी जनपद के थैलीसैंण ब्लॉक में आपदा से भारी नुकसान हुआ है। बांकुड़ा गांव में 5 श्रमिक अभी भी लापता हैं, 4 घायल हुए हैं। संपर्क मार्ग टूटे हैं। लोगों के घर बह गए हैं। लेकिन ब्लॉक के क्षेत्र पंचायत सदस्य नेपाल के किसी होटल में मौज कर रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि क्षेत्र पंचायत सदस्य गीतों पर झूम रहे हैं। मानों आपदा से उन्हें क्या लेना देना। इस दुख की घड़ी में नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्यों व जिला पंचायत सदस्यों को पीड़ितों की मदद के लिए सबसे आगे नजर आना था। लेकिन दुर्भाग्य देखिए कई नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य, कुछ के पति व एक पूर्व ब्लाक प्रमुख जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो नेपाल के काठमांडू में एक होटल का बताया जा रहा है।

ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में अघोषित किडनैपिंग और संवेदनहीनता का एक और उदाहरण भी पौड़ी जिले से आया है। एक नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य के पिता का देहांत हो गया, लेकिन सदस्य किसी ब्लॉक प्रमुख पद के दावेदार द्वारा किसी गुप्त स्थान पर रखा गया है। उसका फोन भी बंद है। धिक्कार है ऐसी राजनीति पर, जो अपने दिवंगत पिता को मुखाग्नि तक नहीं दे सका।

 

(Visited 3,424 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In