पुलिस करती रही गिरफ्तारी का इंतजार, वकीलों की फौज लेकर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा बॉबी कटारिया, जमानत भी मिली

Share this news

DEHRADUN: सड़क पर बैठकर शराब पीने के केस में लंबे इंतजार के बाद यू ट्यूबर बॉबी कटारिया ने देहरादून की एसीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस को चकमा देते हुए बॉबी कटारिया ने कोर्ट से जमानत भी ले ली। पुलिस ने बॉबी के खिलाफ वारंट जारी किया था, उसकी गिरफ्तारी का इंतजार था, लेकिन पहले अदालत में सरेंडर और फिर बेल लेकर बॉबी ने पुलिस के प्लान को फीका कर दिया।

शुक्रवार को यूट्यूबर बॉबी कटारिया दिल्ली से 11 वकीलों को लेकर एसीजेएम कोर्ट पहुंचा। कोर्ट ने 25 हजार रुपये के जमानती बॉन्ड पर कटारिया को जमानत भी दे दी। इससे पहले गुरुवार को यूट्यूबर बॉबी कटारिया की देहरादून कोर्ट में पेशी होनी थी, लेकिन कटारिया दून पुलिस को चकमा दे गया। देहरादून कोर्ट से दूसरी बार वारंट निकलने के बावजूद बॉबी कटारिया तय तारीख पर कोर्ट में पेश नहीं हुआ था। कटारिया को जमानत मिलने का कैंट पुलिस थाने ने विरोध किया है।

बता दें कि 10 अगस्त को बॉबी कटारिया का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह ट्रैफिक रुकवाकर सड़क पर शराब पीता हुआ दिख रहा था। इस मामले में बॉबी कटारिया के खिलाफ 11 अगस्त को कैंट थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने दो बार उसके खिलाफ वारंट जारी किया था। लेकिन बॉबी कटारिया पहले ही दिल्ली कोर्ट से जमानत लेकर फरार हो गया था। इसके बाद देहरादून पुलिस बॉबी के खिलाफ धारा 83 की तहत कुर्की की कार्यवाही सुनिश्चित करने की तैयारी में जुट गई।

 

(Visited 489 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In