पहाड़ के जमीनी उद्यमियों को मंच देगा ‘पहाड़-To-पिच’, ‘रन भुला रन भुली’ उत्सव  में होगा खेल, स्वास्थ्य और उद्यमिता का संगम  

Share this news

PAURI GARHWAL: पहाड़ के गाँवों और छोटे कस्बों में रन भुला रन भुली उत्सव के जरिए त्र्यंबक फाउंडेशन विगत 6 साल से खेल प्रतिभाओं को निखारने और स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता में निरंतर जुटा है। इस वर्ष फाउंडेशन ने अपने हुनर तथा स्थानीय संसाधनों से व्यवसाय चला रहे उद्यमियों को आगे बढ़ने के लिए अनोखी पहल शुरू की है। रन भुला रन भुली उत्सव के त्र्यंबक फाउंडेशन पौड़ी में 17, 18 अक्टूबर को ‘पहाड़2पिच’ कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इस कार्यक्रम को आसान भाषा में पहाड़ी शार्क टैंक भी कहा जा रहा है।

क्या है पहाड़ी शार्क टैंक  Pahad 2 Pitch

‘पहाड़ 2 पिच’ का फोकस जमीनी स्तर पर काम कर रहे स्थानीय उद्यमियों पर है। इनमें खेती, स्थानीय उत्पादों, खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन और ग्रामीण जरूरतों से जुड़े व्यवसाय संचालित करने वाले लोग शामिल हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे उद्यमियों को मार्गदर्शन देना, उनके उत्पादों को बाजार से संपर्क देना और आर्थिक सहयोग के अवसरों से जोड़ना है, जिनके काम में स्थानीय रोजगार और समुदाय को आगे बढ़ाने की क्षमता है। कार्यक्रम में उद्यमी अपने व्यवसाय, उसकी चुनौतियों और आगे बढ़ने की जरूरतों को मार्गदर्शकों, अनुदानदाताओं तथा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) से जुड़े प्रतिनिधियों के सामने रख सकेंगे। संवाद में इस बात पर ध्यान दिया जाएगा कि किस उद्यम को किस प्रकार के सहयोग की जरूरत है और उस सहयोग से स्थानीय स्तर पर क्या बदलाव संभव हो सकता है। कार्यक्रम में कृषि, कृषि प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण, पर्यावरण अनुकूल पर्यटन और ग्रामीण समुदायों के लिए उपयोगी तकनीक से जुड़े उद्यमों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पहाड़ के उद्यमी कर सकेंगे DEAL

इस कार्यक्रम की सबसे खास बात है कि इसका शार्क टैंक जैसा फॉर्मेट। कार्यक्रम में चयनित उद्यमी कॉरपोरेट औऱ विशेषज्ञ एक्सपर्ट के सामने अपने स्टार्टअप या कोराबार के बारे में अपनी बात रखेंगे। अपने व्यवसाय के विस्तार की जरूरतों औऱ उसके भविष्य की रूपरेखा रखेंगे। अगर जज को उद्यम में दम दिखा तो उद्यम के लिए 50 हजार रुपए से 5 लाख रुपए तक का अनुदान स्वीकृत किया जाएगा। इसके अलावा TRiBE  के माध्यम से उद्यमियों का मार्गदर्शन, प्रजेंटेशन की तैयारी, बाजार से संपर्क और अपने उद्यम को प्रदर्शित करने में भी सहयोग मिलेगा।

त्र्यंबक फाउंडेशन के संस्थापक मेजर गोरकी चंदोला ने कहा, “पहाड़ के गाँवों में हुनर, मेहनत और उद्यमिता की कमी नहीं है। जरूरत है स्थानीय उद्यमियों को सही मार्गदर्शन, बाजार और आर्थिक सहयोग से जोड़ने की। ‘पहाड़ 2 पिच’ के माध्यम से हमारा प्रयास जमीनी स्तर पर काम कर रहे उन लोगों को मंच देना है, जो अपने छोटे व्यवसाय से परिवार की आजीविका चला रहे हैं और दूसरों के लिए भी रोजगार की संभावनाएं बना रहे हैं। हम चाहते हैं कि पहाड़ के लोग अपने गाँव में रहकर उद्यम आगे बढ़ा सकें और स्थानीय संसाधनों से स्थायी आजीविका के अवसर तैयार करें।”

जारी रहेंगी सामुदायिक गतिविधियां

रन भुला रन भुली उत्सव के तहत विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी खेल और फिटनेस की गतिविधियां जारी रहेंगी। 18 अक्टूबर को महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए अलग अलग कैटेगरी की दौड़ प्रतियोगिता, रस्साकस्सी, आर्ट कंपीटीशन जैसे इवेंट भी किए जाएंगे दौड़ क विजेताओं को 3500 से लेकर 5000 रुपए तक की ईनामी राशि प्रदान की जाएगी जबकि रस्साकस्सी में जबकि विजेता टीम को ₹21,000 और उपविजेता टीम को ₹15,000 दिए जाएंगे।

फाउंडेशन ने स्थानीय उद्यमियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीण समुदायों से उत्सव में भाग लेने की अपील की है। कार्यक्रम की जानकारी और पंजीकरण के लिए tryambakfoundation.org तथा ‘पहाड़ 2 पिच’ के लिए tryambakfoundation.org/pahad2pitch पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

(Visited 1 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In