बागेश्वर में तैनात उरेडा अधिकारी को विजिलेंस ने 40 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
BAGESHWAR: उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) बागेश्वर में तैनात परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को विजिलेंस की ट्रैप टीम ने 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस की इस कार्रवाई से अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।गिरफ्तार अधिकारी पर सोलर प्लांटों की ज्वाइंट इंस्पेक्शन रिपोर्ट (जेआईआर) तैयार करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
विजिलेंस के अनुसार एक शिकायतकर्ता ने शिका.यत दर्ज कराई थी कि उसकी चार फाइलें लंबे समय से उरेडा कार्यालय में लंबित थीं। इन फाइलों को क्लीयर करवाने के एवज में परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल प्रत्येक फाइल के लिए 10 से 15 हजार रुपये की मांग कर रहा था। अधिकारी ने चारों फाइलों के लिए शिकायतकर्ता से कुल 40 हजार रुपये रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित धीरेंद्र सिंह पटवाल, पुत्र स्व. उदय सिंह पटवाल, मूल निवासी राजनगर पीरूमदारा, रामनगर, नैनीताल तथा वर्तमान में उरेडा बागेश्वर में परियोजना अधिकारी के पद पर तैनात है। मामले में सतर्कता अधिष्ठान द्वारा अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।