पौड़ी: धारी गांव में अज्ञात जंगली जानवर ने  बाड़ा तोड़कर 9 बकरियों को बनाया शिकार, पशुपालक को 80 हजार का नुकसान

Share this news

PAURI: पौड़ी जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों का आतंक है। जंगली जानवर ने मनियारस्यूँ पट्टी के धारी गांव में पशुपालक की 9 बकरियों को मार डाला। इससे पहले पास के ही थनुल गांव में गौशाला की खिड़की तोड़ कर अज्ञात जानवर ने 2 गौवंश को निवाला बना दिया था।

जानकारी के मुताबिक ग्राम धारी के पशुपालक दरवान रविवार शाम को अपनी 13 बकरियों को बाड़े में बंद करके अपने घर चले गए थे। तड़के 3 बजे उसे बाड़े से कुछ आवाज सुनाई दी तो वह बाड़े की तरफ गया, तो वहां का दरवाजा टूटा देख वह भौचक रह गया। दरवान के वहां पंहुचते ही उसे अहसास हुआ कि कोई जानवर बाड़े से निकल नीचे खेतों की ओर भागा है। जब दरवान ने अंदर देखा तो वहां सभी बकरियां मृत पड़ी हुई थीं। जबकि एक बकरी घायलावस्था में कराह रही थी। इसके अतिरिक्त 4 बकरियों का कोई अता पता नहीं था। सुबह होने पर 2 बकरियां पास के खेत मे मिलीं, जिसे अज्ञात जानवर द्वारा घायल किया हुआ था। अन्य 2 बकरियों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

इस घटना के बाद क्षेत्रीय राजस्व उप निरीक्षक राकेश बिष्ट व विवेक कुमार ने मौके पर पंहुचकर घटना का जायजा लेकर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों तक भेजने की कार्रवाई की। गढ़वाल वन प्रभाग के कर्मचारियों ने भी मौके पर पंहुचकर मुआवजे की कार्रवाई शुरू की। पशुपालन विभाग के क्षेत्रीय पशुधन प्रसार अधिकारी राजेन्द्र कवटियाल ने भी मौके पर पंहुच घायल बकरियों का उपचार शुरू किया।

पीड़ित पशुपालक दरवान ने बताया कि अज्ञात जानवर के हमले से उन्हें करीब 80 हजार के पशुधन का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित काश्तकार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। अज्ञात जानवर द्वारा गौशाला व बाड़े में लगातार हमलों से पशुपालक सहमे हुए हैं।

 

(Visited 395 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In