हरिद्वार में बेकाबू बस का कहर, पांच वाहनों को मारी टक्कर, ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल

Share this news

HARIDWAR: हरिद्वार के ज्वालापुर में सोमवार को तेज रफ्तार बस ने कहर बरपा दिया। अयंत्रित बस ने एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी, हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनका एक हाथ कटकर अलग हो गया। गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर किया गया है।

 

जानकारी के अनुसार, हादसा ज्वालापुर के दुर्गा चौक के पास हुआ। बताया गया कि तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। बेकाबू बस ने वहां खड़े एक ऑटो और चार कारों को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान एक कुत्ता भी बस की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

बस की टक्कर से ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि उनका एक हाथ कटकर अलग हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर कर दिया।

 

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की। दुर्घटना के कारण सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटनाग्रस्त बस को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

 

(Visited 7 times, 7 visits today)

You Might Be Interested In