
कैंची धाम तक नहीं पहुंच सकेंगे निजी वाहन, यहां करनी होगी वाहनों की पार्किंग, शटल सेवा शुरू
NAINITAL: बाबा नीम कौरली महाराज के विश्वप्रसिद्ध कैंची धाम में बडी तादात में श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालने में प्रशासन के पसीने छूट रहे हैं। कैंची धाम के मार्ग पर वाहनों की भारी भीड़ से घंटो तक जाम लगा रहता है। स्थानीय प्रशासन ने जाम की स्थिति से निपटने के लिए शटल सेवा की शुरुआत की है।
जानकारी के मुताबिक अब श्रद्धालु निजी वाहनों से कैंची धाम नहीं जा सकेंगे। श्रद्धालुओं को भीमताल के इंडस्ट्रियल एऱिया और भवाली सेनेटोरियम के पार्किंग स्थल में अपने वाहन खड़े करने होंगे। यहां से कैंची धाम आने जाने के लिए शटल सेवा की शुरुआत की गई है।
आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने बताया, कैंची धाम क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव को कम करने और यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो, उसको देखते हुए बीते दिनों क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस ने सभी पर्यटक भक्तों के वाहनों की सुगम यातायात व्यवस्था हेतु कैंची दर्शन के लिए आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण कर लिया है। साथ ही धाम दर्शन के लिए आने वाले सभी पर्यटकों के लिए 26 मार्च से शटल सेवा लागू की है। जिसके लिए शटल सेवा प्लान तैयार किया गया है।
इसके तहत भीमताल मार्ग से कैंची धाम दर्शन के लिए आने वाले सभी पर्यटक वाहन इंडस्ट्रियल एरिया भीमताल पार्किंग स्थल में पार्क कर शटल सेवा से कैंची धाम दर्शन के लिए आएंगे। जबकि ज्योलिकोट भवाली मार्ग का उपयोग कर कैंची धाम के लिए आने वाले सभी पर्यटक अपने वाहन भवाली सेनेटोरियम के पास स्थित कैंची बाईपास में 1.5 किमी तक पार्किंग स्थल में पार्क कर शटल सेवा से कैंची दर्शन के लिए जाएंगे।
आईजी कुमाऊं ने बताया कि शटल व्यवस्था सामान्य दिनों में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक, जबकि वीकेंड और त्योहार सीजन के दौरान सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। वीकेंड और त्योहारी सीजन के दौरान ही भारी वाहनों का आवागमन सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। वहीं पहाड़ को जाने वाले अन्य सभी शेष वाहन सामान्यतः मार्ग का उपयोग कर अपने गंतव्य के लिए जाएंगे।