बदरीनाथ हाइवे पर हादसा:  सरिये से भरे ट्रक में घुसी कार, एक महिला की मौत, 7 लोग घायल

Share this news

RISHIKESH: बदरीनाथ राजमार्ग पर मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत 07 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने दिल्ली से पौड़ी जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आ रही एक मारुति सुजुकी अर्टिगा कार ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर ब्यासी-कोडियाला के पास पहुंची ही थी कि सड़क किनारे खड़े सरियों से लदे ट्रक से जा टकराई। बताया जा रहा है कि चालक ने अचानक ट्रक देखकर ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और पीछे से ट्रेलर में घुस गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची। कार के बुरी तरह पिचक जाने के कारण अंदर बैठे लोग फंस गए थे। रेस्क्यू टीम ने हाइड्रोलिक कटर और विशेष आरी की मदद से कार के दरवाजों और बॉडी को काटकर घायलों और मृतका को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए ऋषिकेश स्थित एम्स भेजा गया।यात्रा की गाइड और यात्रा की जानकार

इस हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान धूमा देवी (48 वर्ष) पत्नी स्व. दिलबर सिंह के रूप में हुई है, जो पौड़ी गढ़वाल जिले की निवासी थीं और हाल के समय में दिल्ली में रह रही थीं।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे की वजह चालक को आई नींद की झपकी को माना है। बताया जा रहा है कि लंबी दूरी तक लगातार ड्राइविंग के कारण चालक थक गया था, जिससे वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया। दुर्घटना में कार सवार सात अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं। सभी को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा है।

(Visited 289 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In