पूर्व पीएम मनमोहन सिंह भी हैं सर्वोच्च पुरस्कार के हकदार, क्या ये मास्टरस्ट्रोक भी खेलेगी मोदी सरकार?
Editorial : पूर्व उप प्रधानमन्त्री और भाजपा के शिखर स्तंभों में से एक लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी ने अपने राजनीतिक गुरु को ये सम्मान देकर उनका कर्ज उतारने का प्रयास किया है। इससे पहले कर्पूरी ठाकुर को भी भारत रत्न की घोषणा से पीएम मोदी ने राजनीतिक समीकरण साधने के साथ समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखने का संदेश भी दिया है।
इसी कड़ी में अगर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को भी सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया जाता है तो यह सोने पर सुहागा होगा। डॉ मनमोहन सिंह भारतीय राजनीति के शिखर पुरूष हैं। आर्थिक मामलों में उनकी विशेषज्ञता का लोहा दुनिया ने माना। जब 1991 में भारत गहरे आर्थिक संकट में था, तब डॉ मनमोहन सिह ने ही आर्थिक उदारीकरण की नींव रखी थी। 2004 में वो भारत के प्रधानमंत्री बने और उनके कार्यकाल में भारत ने 8 फीसदी से ज्यादा विकास दर हासिल की। उनके ही कार्यकाल में भारत के लोगों को ऐतिहासिक सूचना का अधिकार प्राप्त हुआ। शिक्षा का अधिकार औऱ खाद्य सुरक्षा कानून जैसे बड़ी योजनाऐं मिला। मनरेगा जैसे कार्यक्रम से ग्रामीण भारत को एक नई गति मिली। स्वास्थ क्षेत्र में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ मिशन जैसे बड़े कार्यक्रम शुरू हुए। लोगों को बैंकों से जोड़ना, आधार और डीबीटी जैसे कार्यक्रमों के सूत्रधार भी वही थे। इंडो यूएस न्यूक्लियर डील के दौरान उनकी मजबूत इच्छाशाक्ति भी दिखी। सबसे बड़ी बात, वो भारतीय राजनीति में सादगी की प्रतिमूर्ति हैं। लोकसभा टीवी में कार्य करने के दौरान बहुत नजदीकी से उनकी कार्यशौली देखी। रोजाना चर्चाओं के दौरान लोकसभा टीवी पर सरकारी योजनाओं में फैले भ्रष्टाचार औऱ किसानों की आत्महत्या को लेकर खूब बहस होती। सरकार को कठघरे में खड़ा किया जाता। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होने लोकसभा टीवी में होने वाली इन निष्पक्ष चर्चाओं की खूब सराहना की। आप सोचिए ऐसे कार्यक्रम जहां केन्द्र सरकार की योजनाओं की जमकर आलोचना हो रही हो, और देश का प्रधानमंत्री उन परिचर्चाओं की सराहना करे, ये बिरले ही कर सकते हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी आस्था उन्हें बाकियों से अलग खड़ा करती हैं। इतना सरल औऱ सादगी से भरा व्यक्तित्व सही मायने में भारत रत्न का हकदार है। और मैं ये भी जानता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुतायत भारतीयों की इस अपेक्षा को पूर्ण कर सकते हैं।
रमेश भट्ट