उत्तराखंड में कामकाजी महिलाओं को मिला सुरक्षा कवच, CM धामी ने लॉन्च किया गौरा शक्ति एप
DEHRADUN: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की को लेकर अहम बैठक की। इस दौरान सीएम धामी ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए गौरा शक्ति एप को लॉन्च किया।
कामकाजी महिलाओं को भी सुरक्षित वातावरण में काम करने का अनुभव मिले। इसे देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने गौरा शक्ति एप को लॉन्च किया है। सरकारी, गैरसरकारी कार्यालयों/संस्थानों में कार्यरत महिलाएं गौरा शक्ति एप पर रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं। ऐसे में वह अपने नजदीकी पुलिस चौकी के सुरक्षा घेरे में आ जाएंगी। रजिस्ट्रेशन होते ही संबंधित थाने से महिला सब इंस्पेक्टर को इसकी सूचना प्राप्त होते ही रजिस्ट्रेशन कराने वाली महिला से बात कर रजिस्ट्रेशन पूर्ण होने की जानकारी देगी, साथ ही समय-समय पर फीडबैक भी लिया जाएगा। हर 15 दिन के भीतर कोतवाली की महिला सब इंस्पेक्टर कामकाजी महिला को फोन कर उनका हालचाल भी जानेगी।
महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था की बैठक में सीएम धामी ने त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि गौरा शक्ति के तहत प्राप्त होने वाली शिकायतों पर संबंधित थानों से त्वरित कारवाई की जाए। इस पर उच्च स्तर से कृत कारवाई की नियमित निगरानी रखी जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
इस एप में रजिस्ट्रेशन करने वाली सभी महिलाओं की रजिस्ट्रेशन से संबंधित जानकारी को गोपनीय रखा जाएगा। इसके लिए प्रत्येक जनपद में एक महिला सब इंस्पेक्टर एवं थानों में एक महिला सब इंस्पेक्टर एवं एक महिला कांस्टेबल तैनात की गई है। गौरा शक्ति एप में महिलाओं के कानूनी अधिकारों की जानकारी और महत्वपूर्ण फोन नम्बर भी उपलब्ध हैं।