वनंत्रा रिजॉर्ट में घुसा अंकिता के हत्यारे का पिता विनोद आर्य, पुलिस ने भी नहीं रोका, उठ रहे सवाल
RISHIKESH : पहाड़ की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय कैसे मिलेगा ये सवाल दिन ब दिन बड़ा होता जा रहा है। अंकिता के हत्यारे पुलकित आर्य का पिता विनोद आर्य बुधवार को बिना किसी परमिशन के उसी वनंत्रा रिजॉर्ट में घुस आया, जहां अंकिता काम करती थी। विनोद आर्य ने एक महिला समेत तीन लोगों के साथ घंटों तक फैक्ट्री और रिजॉर्ट में छानबीन की। जब मीडिया मौके पर पहुंची तो विनोद आर्य मुंह पर रुमाल लपेटकर सवालों से बचते हुए लौट गए।
बुधवार को गंगा भोगपुर स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट के बाहर पहरा दे रहे पुलिसकर्मी भी उस वक्त हैरान रह गए जब रिजॉर्ट मालिक विनोद आर्य अपने कुछ लोगों केसाथ फैक्ट्री औऱ रिजॉर्ट में छानबीन करने पहुंचे। जिनमें दो लोग कार में बाहर बैठकर निगरानी करने लगे जबकि एक महिला समेत तीन लोगों को लेकर विनोद आर्य फैक्ट्री और रिजॉर्ट की छानबीन करने के लिए अंदर चले गए। वनंत्रा रिजॉर्ट में विनोद आर्य ने छानबीन की। हैरानी की बात है कि वहां मौजूद पुलिस ने विनोद आर्य को अंदर जाने से नहीं रोका जबकि विनोद आर्य के पास फैक्ट्री और रिजॉर्ट में अंदर जाने की किसी भी प्रकार की पुलिस व कोर्ट की कोई परमिशन नहीं थी। इस घटना से ये भी सवाल उठता है कि इतने भारी पहरे के बावजूद कैसे बिना किसी परमिशन के कोई क्राइम सीन वाली जगह पर घुस आता है। वो भी अंकिता केस के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य का पिता।
बाहर मीडिया को जब विनोद आर्य के रिजॉर्ट में आने की भनक लगी तो विनोद आर्य मुहं पर रुमाल बांधकर वहां से दबे पांव निकल गए। अंकिता केस में पहले ही कई सवाल उठ रहे हैं। अंकिता की मां सीएम धामी को पत्र लिखकर वकील बदलने की मांग कर चुकी हैं। हाईकोर्ट ने मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के नार्को और पॉलिग्राफिक टेस्ट पर रोक लगा दी है। ऐसे में अंकिता केस से जुड़े राज और गहरे होते जा रहे हैं। न्याय की उम्मीद क्षीण होती जा रही है।