दुखद: गहरी खाई में गिरा सेना के जवानों को ले जा रहा ट्रक, 16 जवान शहीद, 4 घायल, सिक्किम में हुआ हादसा

Share this news

National Desk:  सिक्किम से शुक्रवार को दुखद खबर सामने आई है। जेमा इलाके में सेना के जवानों को ले जा रहा ट्रक खाई में गिर गया। इस दुखद हादसे में 16 जवान शहीद हो गए जबकि 4 घायल हैं। सेना के बयान के मुताबिक घटना जेमा, उत्तरी सिक्किम में हुई।

पीआरओ डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत के मुताबिक, सेना के तीन वाहनों का काफिला सुबह चटन से थंगू की ओर जा रहा था। जेमा के रास्ते में, एक ट्रक तेज मोड़ पर अनियंत्रित होकर खड़ी ढलान में फिसल गया। इस हादसे में 3 JCO के साथ 13 जवान शहीद हो गए। हादसे में घायल 4 सैनिकों को एयरलिफ्ट कर बेस अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इस दुख की घड़ी में भारतीय सेना शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है। उन्होंने जान गंवाने वाले जवानों के परिवार को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया- उत्तरी सिक्किम में सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से बहुत दुखी हूं। देश उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए उनके प्रति कृतज्ञ है। मृतक जवानों के परिवारों को मेरी संवेदनाएं। घायल जवानों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।

नॉर्थ ईस्ट में सेना के वाहनों के साथ हादसे की यह पहली घटना नहीं है। खराब मौसम के कारण दुर्गम इलाकों में सड़क हादसों मे सैकड़ों जवानों की शहादत हुई है।

 

(Visited 591 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In