पौड़ी: 28 साल की महिला का 9वीं बार प्रसव, नहीं मिला योजनाओं का लाभ, न हुई स्वास्थ्य जांच. सवालों में निगरानी तंत्र

Share this news

PAURI: पौड़ी जनपद के कल्जीखाल ब्लॉक से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक गांव में 28 वर्षीय महिला के नौवें बच्चे को जन्म दिया है। महिला ने आठ बच्चों को घर पर ही बिना किसी चिकित्सकीय सहायता के जन्म दिए। जबकि 9वें बच्चे को अस्पताल ले जाते वक्त 108 एंबुलेंस में जन्म दिया है। इस घटना ने स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और बाल संरक्षण से जुड़े विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पौड़ी सीएमओ डॉ. मेघना असवाल के अनुसार, अक्तूबर में महिला के नौवें प्रसव की जानकारी मिली थी। पति के विरोध के कारण स्वास्थ्य विभाग को महिला की जांच में परेशानी हुई थी। प्रशासन और पुलिस के सहयोग से महिला का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। 22 अक्टूबर को प्रसव में उच्च जोखिम होने के कारण उसे जिला अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी गई। जिस वक्त महिला को 108 सेवा के माध्यम से सीएचसी घंडियाल ले जाया जा रहा था, उसी समय रास्ते में ही प्रसव हो गया। जच्चा-बच्चा को बाद में अस्पताल में सुरक्षित रखा गया।

महिला के अनुसार उसका विवाह 14 साल पहले हुआ था। उसका पति मजदूरी करता है और उसे वह घर से बाहर नहीं जाने देता।

सीएचसी घंडियाल की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मीनाक्षी वर्मा ने महिला की सेहत पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि लगातार गर्भधारण से महिला में खून और पोषक तत्वों की कमी तथा हड्डियों की कमजोरी का खतरा है। वह मानसिक तनाव से भी गुजर रही है।

न आधार कार्ड, न योजनाओं का लाभ

महिला के पांच बेटे और चार बेटियां हैं, लेकिन टीम को घर पर छह बच्चे मिले थे। लेकिन न तो महिला का आधार कार्ड बना है, न बच्चों का। इस वजह से उसे जननी सुरक्षा और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ नहीं मिल रहा। बच्चों को भी पोषाहार नहीं मिल रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने संयुक्त टीम को जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य, सरकारी योजनाओं की स्थिति और दो बच्चों के घर पर नहीं होने समेत सभी पहलुओं की जांच कर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।

(Visited 1 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In