कौन हैं मणिका राणा? जंतर-मंतर छात्र आंदोलन में शामिल हुई, रील बनाई, BJP युवा मोर्चा ने पद से हटाया

Share this news

TEHRI: जंतर-मंतर पर हुए Gen-Z प्रदर्शन की गूंज अब भाजपा के संगठन के भीतर भी सुनाई देने लगी है। प्रदर्शन में शामिल हुए भाजपा से जुड़े संगठनों के पदाधिकारियों पर गाज गिरने लगी है। जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन में शामिल भाजपा युवा मोर्चा की नई टिहरी मंडल अध्यक्ष मणिका राणा को पद से हटा दिया गया है। मणिका ने मौके से रील बनाकर भी वायरल की थी, जिस पर पार्टी ने नाराजगी दर्ज कर उन्हें पद से मुक्त कर दिया है। इस बीच मणिका राणा की प्रतिक्रिया भी सामने आई है, उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन से ऊपर सत्य का साथ देना उनके लिए सर्वोपरि है। मणिका ने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि हमारी मुख्य मांग पूरी हुई है।

दरअसल मणिका भाजपा युवा मोर्चा की सक्रिय कार्यकर्ता और मंडल अध्यक्ष मणिका राणा बीते दिनों मणिका राणा जंतर-मंतर पर चल रहे विद्यार्थियों के धरने में शामिल हुईं। उनका कहना है कि उन्होंने आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लिया और उन परिवारों की आवाज बनने का प्रयास किया, जिन्होंने अपने बच्चों को खोया है। प्रदर्शन के बाद मणिका राणा ने दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल से एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान घायल हुए बड़ी संख्या में छात्र अस्पताल पहुंच रहे थे और कई छात्रों के सिर पर गंभीर चोटें थीं। मणिका का आरोप था कि जिस एम्बुलेंस से वे एक घायल छात्र को लेकर अस्पताल पहुंचीं, उसमें न डॉक्टर मौजूद था, न कोई अटेंडेंट और न ही प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था थी।

मणिका ने कहा कि सरकार ने देर से ही सही, लेकिन सही निर्णय लिया और इसके लिए वह सरकार की सराहना करती हैं। उन्होंने कहा कि सत्य के पक्ष में खड़े होने के कारण यदि उन्हें किसी पद या संगठनात्मक जिम्मेदारी से हाथ धोना पड़े, तो भी वह पीछे नहीं हटेंगी।

इसी क्रम में भाजपा ने नई टिहरी मंडल की भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) अध्यक्ष मणिका राणा को उनके पद से मुक्त कर दिया और उनकी जगह शुभम नेगी को नया मंडल अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। वहीं, पार्टी सूत्रों का दावा है कि करीब 10 अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं की सूची भी तैयार की गई है, जिन्हें जल्द कारण बताओ नोटिस जारी किया जा सकता है।

मणिका राणा ने पहले एबीवीपी ज्वाइन किया था। वर्ष 2022 से मणिका अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में प्रदेश स्तर पर विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करती आ रही थी, इसके बाद वह भारतीय जनता युवा मोर्चा में सक्रिय रूप से शामिल हुई और पार्टी ने नई टिहरी विधानसभा के अंतर्गत मणिका को भारतीय जनता युवा मोर्चा में मंडल अध्यक्ष बनाया था।

(Visited 26 times, 26 visits today)

You Might Be Interested In