UKSSSC वाहन चालक परीक्षा में चयनित हो गए Explore Gyan, UKUL, आयोग पर उठे सवाल
DEHRADUN: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) एक बार फिर चर्चा में है। हाल ही में जारी की गई वाहन चालक पद की प्रोविजनल मेरिट लिस्ट में अटपटे नामों से आयोग पर सवाल उठने लगे हैं। सूची सार्वजनिक होने के बाद से ही अभ्यर्थियों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच इसकी तस्वीरें वायरल हो रही हैं। हालांकि आयोग ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि अभ्यर्थियों ने आवेदन पत्र में खुद इस तरह के नाम भरे थे।
दरअसल आयोग की ओर से विज्ञापन संख्या 75/उ0अ0से0च0आ0/2026 के तहत विभिन्न विभागों में वाहन चालक एवं प्रवर्तन चालक के 75 पदों के लिए लिखित परीक्षा 31 मई 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा के आधार पर तकनीकी वाहन चालन परीक्षा के लिए औपबंधिक श्रेष्ठता सूची 19 जून 2026 को आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित की गई।

मेरिट सूची जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर ‘Explore Gyan’ और ‘UKUL’ नाम चर्चा का विषय बन गए। खास बात ये है कि Explore Gyan’ के नाम के आगे पिता का नाम हरीश चंद्र और UKUL’ के आगे पिता का नाम गोपाल सिंह भैसोड़ा लिखा है। लोगों का कहना है कि किसी सरकारी भर्ती परीक्षा की आधिकारिक मेरिट लिस्ट में इस तरह का नाम आना स्वाभाविक रूप से हजम नहीं होता। कई अभ्यर्थियों ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यह किसी डेटा एंट्री की लापरवाही का नतीजा हो सकता है, जबकि कुछ इसे आयोग की कार्यप्रणाली और सूची तैयार करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर गंभीर लापरवाही बता रहे हैं।

आयोग की सफाई
इस मामले ने तूल पकड़ा तो अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सफाई भी पेशकी है। आयोग के मुताबिक अभ्यर्थियों ने आवेदन पत्र में कैंडिडेंट नाम के कॉलम में ‘Explore Gyan’ और ‘UKUL’ ही भरा है। आयोग ने कहा कि आवेदमन पत्र में जो भी जानकारियां दी जाती हैं उसके लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होता है। अगर डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन में कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो अभ्यर्थी का चयन निरस्त किया जाता है। और ऐसे अभ्यर्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए डि-बार भी किया जा सकता है।