राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी के माता पिता से वीडियो कॉल पर की बात, दिया न्याय का भरोसा
PAURI: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी को आज पौड़ी दौरा करना था, लेकिन खराब मौसम के कारण वे दौरा नहीं कर पाए। इस दौरान राहुल गांधी का अंकिता भंडारी के माता पिता से मिलने का भी कार्यक्रम था जो पूरा नहीं हो सका। इसलिए राहुल गांधी ने वीडियो कॉल पर ही अंकिता के माता पिता से बातचीत की और न्याय का भरोसा दिलाया।
राहुल गांधी के प्रस्तावित पौड़ी दौरे के दौरान अंकिता भंडारी के माता-पिता की उनसे मुलाकात होनी थी, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका पौड़ी दौरा नहीं हो सका। इसके बाद गणेश गोदियाल की पहल पर वीडियो कॉल के माध्यम से राहुल गांधी की बातचीत अंकिता के माता-पिता से करवाई गई।
बातचीत के दौरान अंकिता के माता-पिता ने राहुल गांधी से मिलने की इच्छा जताई। इस पर राहुल गांधी ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि वे जब भी चाहें उनसे मिलने आ सकते हैं, उन्होंने कहा कि गणेश गोदियाल के माध्यम से समय निर्धारित कर मुलाकात की जा सकती है। राहुल गांधी ने कहा कि उनके घर के दरवाजे हमेशा खुले हैं और अंकिता के माता-पिता अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी उनसे मिलने आ सकते हैं। अंकिता भंडारी के माता-पिता ने भी राहुल गांधी के सामने अपनी पीड़ा व्यक्त की और अपनी बेटी के लिए न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मामले में उन्हें जल्द न्याय मिलेगा और दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।