संस्कारों की कैसी लड़ाई! बुजुर्ग ने महिला प्रधान के पैर छूकर माफी मांगी
PAURI GARHWAL: पौड़ी के थैलीसैंण ब्लॉक में ग्राम पंचायत मरोड़ा की युवा महिला ग्राम प्रधान वीरा (बिरमा) रावत और गांव के ही एक बुजुर्ग व्यक्ति के बीच झगड़ा नए मोड़ पर पहुंच गया। वीरा रावत 75 साल के बुजुर्ग के खिलाफ शिकायत लेकर थान पहुंची। जहां पुलिस ने दोनों के बीच समझौता कराया। लेकिन इस दौरान 75 साल के बुजुर्ग ने युवा प्रधान के पैर छूकर माफी मांगी। अब ये वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। लोग इस पर तरह तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
क्या था मामला
पिछले वर्ष 23 साल की वीरा रावत मरोड़ा की ग्राम प्रधान निर्वाचित हुई थी। वीरा रावत गांव में शराब बंद कराने को लेकर चर्चा में आई थी। पिछले दिनों वीरा रावत ने फेसबुक पोस्ट केजरिए आरोप लगाया था कि गांव के एक बुजुर्ग व्यक्ति उसके चरित्र के बारे में अनर्गल बातें फैला रहे हैं। इसी बात पर दोनों के बीच कल बहस हुई थी, जिसमें बुजुर्ग व्यक्ति वीरा रावत का हाथ पकड़े और गौशाला में बंद करने जैसी धमकी देते नजर आ रहे थे।

वीरा रावत इस मामले की शिकायत लेकर थाने पहुंची तो पुलिस ने भी भी बुजुर्ग व्यक्ति को थाने बुला लिया, जहां पुलिस की मौजूदगी में समझौता कराया गया। थाने में बुजुर्ग व्यक्ति ने प्रधान से माफी मांगते हुए उनके पैर भी छुए। इस घटना का वीडियो और चर्चा क्षेत्र में तेजी से फैल रही है। पूरे घटनाक्रम को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, वीरा रावत का कहना है कि उसने न तो बुजुर्ग व्यक्ति से पैर छूने की लिए कहा और न ही माफी मांगने के लिए कहा। बहरहाल सोशल मीडिया पर कई लोगों का कहना है कि विवाद का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए, लेकिन किसी बुजुर्ग को सार्वजनिक रूप से इस तरह शर्मिंदा करना उचित नहीं माना जा सकता। वहीं कुछ लोग इसे आपसी समझौते और सामाजिक सौहार्द की दिशा में उठाया गया कदम बता रहे हैं।