51 कुंतल फूलों से केदारनाथ धाम का अद्भुत श्रृंगार, बाबा की डोली पहुंची अपने धाम, कल खुलेंगे कपाट
KEDARNATH: द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक भगवान केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए कल खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने से पहले केदारनाथ मंदिर को रंग बिरंगे 51 कुंतल फूलों से सजाया गया है। इस बीच बाबा केदार की पंचमुखी विग्रह डोली भी अपने धाम पहुंचचुकी है। बुधवार को सुबह 8 बजे विधि विधान के साथ बाबा के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
कपाट खुलने से पहले हजारों श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। मंदिर परिसर और मुख्य गेट को 51 कुंतल गेंदे, गुलाब और अन्य फूलों से खूबसरत तरीके से सजाया गया है। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर इस बार सांब सदाशिव अंकित किया गया है।
इस बीच बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह डोली भी केदारनाथ धाम पहुंच चुकी है। गौरीकुंड पड़ाव से चलकर बाबा की डोली सेना के बैंड की धुन और भोले बाबा के जयकारों के साथ शाम करीब 4 बजे मंदिर परिसर में पहुंची जहां मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने डोली का भक्ति भाव से स्वागत किया।
कपाट खुलने को लेकर धाम में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। श्रद्धालुओं में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और देश-विदेश से बड़ी संख्या में यात्री धाम पहुंच रहे हैं। कपाट खुलने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना में शामिल होंगे।
मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक
मंदिर समिति के सदस्य विनीत पोस्ती ने कहा कि केदारनाथ मंदिर परिसर में अब मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। यह फैसला मंदिर की पवित्रता और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। मंदिर परिसर के अंदर मोबाइल फोन ले जाना, फोटो या वीडियो बनाना और रील्स रिकॉर्ड करना सख्त मना है। इन नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने वाले किसी भी श्रद्धालु के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।