बिखर रहा आम आदमी पार्टी का संगठन, जोत सिंह बिष्ट सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल
DEHRADUN: उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी का संगठन धीरे धीरे सिमटता जा रहा है। सोमवार को अपने सैकड़ों कार्कर्ताओं के साथ पार्टी के प्रदेश संगठन समन्वयक रहे जोत सिंह बिष्ट ने प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया। सीएम पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया।
सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जोत सिंह बिष्ट को पार्टी का पटका और पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। जोत सिंह के साथ आरपी रतूड़ी, एडवोकेट हिम्मत सिंह बिष्ट, एडवोकेट राजेंद्र सिंह बिष्ट, हेम आर्य, चंद्रशेखर पांडे, कमलेश, नीमा आर्य, बलवंत पवार, मीणा भट्ट समेत तमाम कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की
इससे पहले रविवार को जोत सिंह बिष्ट के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश बिष्ट, आरपी रतूड़ी, हिम्मत बिष्ट, प्रवक्ता कमलेश रमन, संगठन सचिव हेम आर्य, सचिव चंद्रशेखर पांडे, बलवंत पंवार ने इस्तीफा दिया था। उनका कहना है कि सितंबर 2023 में प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में पार्टी के लिए मेहनत से काम करने वाले पदाधिकारियों की उपेक्षा को लेकर अपने पद से त्यागपत्र दिया था। इसके बाद पार्टी हाईकमान ने प्रदेश कार्यकारिणी भंग कर दी, लेकिन अब तक कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया, जो लोग पार्टी के रात-दिन मेहनत कर रहे हैं, उन पर पार्टी हाईकमान को भरोसा नहीं है।