कैबिनेट मंत्री चंदन रामदास का निधन, प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक
BAGESHWAR: उत्तराखंड की सियासत में बुधवार को दुखद खबर आई। लंबे समय से बीमार चल रहे कैबिनेट मंत्री और 4 बार के विधायक चंदन राम दास का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। सीएम धामी ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया। सरकार ने उनके निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
चंदन दास इन दिनों बागेश्वर के दौरे पर थे। कुछ ही घंटों पहले लोगों से मुलाकात की उनकी फोटो सोशल मीडिया पर मौजूद हैं। बुधवार दोपहर को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करवाया गया। लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के निधन पर सीएम पुष्कर धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम धामी बागेश्वर रवाना हो गये हैं
उधर शासन ने कैबिनेट मंत्री के निधन के बाद आज 26.04.2023 को सभी बैंकों/कोषागार/उपकोषागार को बंद रखने और 26.04.2023 से दिनांक 28.04.2023 (तीन दिन) तक प्रदेश में राजकीय शोक का ऐलान किया है। इस दौरान समस्त जनपदों के सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे। इसके अतिरिक्त जिस जनपद में अन्त्येष्टि संस्कार सम्पन्न होगा, उस दिन उस जनपद में प्रदेश सरकार के कार्यालय बन्द रहेंगे। इनका अन्त्येष्टि संस्कार पुलिस सम्मान के साथ किया जायेगा।
लंबे समय से थे बीमार
दरअसल कैबिनेट मंत्री चंदन रामदास लंबे समय से बीमार चल रहे थे। कुछ दिनों पहले ही उनका दिल्ली में इलाज चला था। लेकिन उन्हें सांस लेने में काफी तकलीफ हो रही थी।
करियर
चंदन राम दास की राजनीतिक करियर 1980 में शुरू हुआ। चंदन राम दास 1997 में नगर पालिका बागेश्वर के निर्दलीय अध्यक्ष बने, इससे पहले वे एमबी डिग्री कालेज हल्द्वानी में बीए प्रथम वर्ष में निर्विरोध संयुक्त सचिव बने। 1980 से चंदन राम दास ने राजनीतिक जीवन की शुरूआत की। 2006 में भगत सिंह कोश्यारी के कहने पर भाजपा में शामिल हुए, जिसके बाद 2007 2012, 2017 और 2022 में लगातार विधायक चुने जाते रहे। 2022 में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद उन्हें धामी सरकार में मंत्री बनाया गया और परिवहन विभाग की जिम्मा मिला।
