दून अस्पताल में दो पक्षों में मारपीट, इमरजेंसी में चापड़ लेकर घुसा युवक, सुरक्षा व्यवस्थ पर सवालिया निशान
DEHRADUN: दून अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो पक्षों की मारपीट में एक शख्स दूसरे शख्स को मारने के लिए चापड़ लेकर घुस गया। इस घटना से एक बार फिर अस्पताल के डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
घटना शुक्रवार सुबह 5 बजे की है, जब एक युवक दून अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे एक अन्य व्यक्ति को मारने की नीयत से चापड़ लेकर घुस गया। इस दौरान वहां मौजूद मेडिकल स्टाफ मरीजों और तीमारदारों में अफरातफरी का माहौल बन गया। वायरल वीडियो में इमरजेंसी में घुसा शख्स गाली गलौज करता हुआ अभी नजर आ रहा है। हालांकि राहत की बात रही की दून अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों की इमरजेंसी में मौजूदगी के चलते किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
जानकारी के अनुसार सुबह दून अस्पताल के पास किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हो गया। इसके बाद एक पक्ष अपना मेडिकल कराने दून अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचा। उनके पीछे-पीछे दूसरे पक्ष के लोग भी इमरजेंसी में पहुंच गए। इस दौरान वहां काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इमरजेंसी में मौजूद सुरक्षा कर्मी हमला करने आए लोगों को अस्पताल से बाहर जाने को कहते रहे, लेकिन झगड़ा करने वाले युवक सुरक्षा कर्मियों की बातों को नजरअंदाज करते हुए गाली गलौज करते रहे।
अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉक्टर आर एस बिष्ट ने बताया अस्पताल की इमरजेंसी में दोनों पक्षों के बीच फिर से मार पिटाई हो गई. डॉ बिष्ट का कहना है कि परिसर में पुलिस चौकी होने के बावजूद पर्याप्त मात्रा में पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे, इसलिए मारपीट करने वालों को नियंत्रित करने में दिक्कत आई।