यमकेश्वर:  यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने इंटर कालेज के भवन का लोकार्पण, पैतृक गांव में करेंगे रात्रि विश्राम  

Share this news

PAURI GARHWAL: उत्तर प्रदेश के  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज उत्तराखंड के दौरे पर हैं। सुबह हरिद्वार में एक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद योगी अपने पैतृक क्षेत्र यमकेश्वर पहुंचे जहां शिव मंदिर में पूजा अर्चना के बाद उन्होंने इंटर कालेज के नवनिर्मित भवन का लोकाप्रण किया। यूपी सीएम योगी रात्रि विश्राम अपने पैतृक गांव पंचूर में करेंगे।

यमकेश्वर इंटर कॉलेज में सीएम योगी ने छात्र छात्राओं को प्रोत्साहित भी किया। योगी ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि हम बचपन में पैदल ही यमकेश्वर के मेले में आते थे। महादेव के मंदिर पूजा अर्चना करते थे, लेकिन आज यहां पहुंचने के लिए सड़क की सुविधा है जिससे दर्शन करना सुलभ हो गया है। आज जनता इंटर कॉलेज को नया भवन मिल गया है। हमारे शिक्षा के केंद्र सभ्यता और संस्कृति का भी आधार स्तंभ होते हैं ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भौतिक विकास जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं है, बल्कि यह केवल आवश्यकताओं की पूर्ति का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की भूमिका केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर संस्कार, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के संवर्धन की भी होनी चाहिए। पौराणिक गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह पद्धति व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त आधारशिला रही है। मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें व्यवहारिक एवं कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार भवन की गुणवत्ता सुनिश्चित की गई है, उसी प्रकार शिक्षण की गुणवत्ता भी उच्चस्तरीय होनी चाहिए। शिक्षा में नवाचार से गांवों का समग्र विकास होगा तथा पलायन पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। उन्होंने आत्मनिर्भरता पर बल देते हुए कहा कि दूसरों पर निर्भर रहने की प्रवृत्ति से ऊपर उठकर ही सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यक्रम के बाद योगी अपने पैतृक गांव पंचूर के लिए रवाना हुए जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।

इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरिद्वार के भारत माता मंदिर के संस्थापक स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की समाधि मंदिर के लोकार्पण और विग्रह मूर्ति की स्थापना समारोह में शामिल हुए. इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और सीएम धामी भी शामिल हुए।

 

 

(Visited 9 times, 9 visits today)

You Might Be Interested In