यात्रा मार्ग पर जगह जगह भूस्खलन से केदारनाथ यात्रा अस्थाई तौर पर रोकी गई, SDRF  ने 40 यात्रियों का किया रेस्क्यू

Share this news

RUDRAPRAYAG:  चारधाम यात्रा पर मौसम की मार का असर देखा जा रहा है। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर जगह जगह बारिश और भूस्खलन के बाद अस्थाई तौर पर यात्रा को रोक दिया गया है। सोनप्रयाग-गौरीकुंड के बीच मुनकटिया में मार्ग ध्वस्त हो गया है। जिस कारण यात्रियों का आगे बढ़ना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा सोनप्रयाग में छोटी पार्किंग वाला मार्ग भू भूस्खन से क्षतिग्रस्त हुआ है। एसडीआरएफ यात्रा मार्ग में फंसे यात्रियों का सकुशल रेस्क्यू कर रही है।

बीते 31 जून के बाद भारी बारिश से केदारनाथ यात्रा मार्ग पर आपदा जैसे हालात बने हैं। सोनप्रयाग-गौरीकुंड 6 किमी मार्ग के बीच हाईवे जगह-जगह ध्वस्त हो गया था, जिसके बाद यात्रा मार्ग पर फंसे हजारों यात्रियों का रेस्क्यू किया गया। बुधवार रात मुनकटिया में ऊपरी पहाड़ी से लगातार मलबा और बोल्डर गिरता रहा जिससे मार्ग पूरी तरह ध्वस्त हो गया। इस वजह से केदारनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे 40 से ज्यादा यात्री फंस गए। एसडीआरएफ ने यात्रियों को रेस्क्यू किया।

एसएसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि सोनप्रयाग क्षेत्र में मुनकटिया स्लाइडिंग जोन में मलबा-पत्थर आने से मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है। ऐसे में फिलहाल केदारनाथ धाम यात्रा अस्थायी तौर पर रोकी गई है. मार्ग सुचारू होने पर यात्रा पुनः शुरू कर दी जाएगी।

इसके अलावा सोनप्रयाग में छोटी पार्किंग वाले क्षेत्र में भी भूस्खलन से मार्ग ध्वस्त हो गया है। इस कारण कई यात्री फंसे हैं। पुलिस ने सोनप्रयाग पहुंचे श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रुकवाया है। हालांकि छोटी पार्किंग वाले क्षेत्र में मार्ग को पैदल चलने योग्य बनाया गया है। लेकिन फिलहाल केवल गौरीकुण्ड की ओर से वापस आ रहे यात्रियों को सोनप्रयाग की ओर भिजवाया जा रहा है। मुनकटिया के पास मार्ग बाधित चल रहा है।

 

 

(Visited 98 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In