केदारनाथ मार्ग पर जगह जगह भारी भूस्खलन, गौरीकुंड में रोकी गई यात्रा, मार्ग बंद

Share this news

KEDARNATH: पहाड़ों में लगातार बारिश से केदारनाथ यात्रा पर भी असर पड़ा है। कई स्थानों पर भारी भूस्खलन से केदारनाथ यात्रा पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रशासन ने एहतियातन यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी है। पहाड़ से बड़े बड़े बोल्डरों के गिरने का खतरा बना हुआ है, लिहाजा खतरे को देखते हुए गौरीकुंड से श्रद्धालु लौटाए जा रहे हैं। अगले आदेश तक किसी भी यात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

लगातार बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा पैदल मार्ग के कई हिस्सों में हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। प्रशासन, पुलिस, डीडीआरएफ तथा अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर लगातार निगरानी कर रही हैं. क्षतिग्रस्त मार्ग को सुरक्षित एवं सुचारू बनाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

केदारनाथ पैदल मार्ग पर भैरवनाथ मंदिर के पास गुरुवार रात को जंगलचट्टी क्षेत्र में भारी बोल्डर गिरने से यात्रा शुक्रवार सुबह अस्थायी रूप से रोक दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर गौरीकुंड गेट से श्रद्धालुओं को आगे नहीं जाने दिया गया और उन्हें वापस लौटाया गया है। इसके अलावा शुक्रवार सुबह भी गौरीकुंड चिलबासा मार्ग पर भी भारी बोल्डर आ गए हैं। जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक केदारनाथ यात्रा के लिए प्रस्थान न करें। यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पैदल मार्ग का सुरक्षा परीक्षण पूरा होने तथा पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही, यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

 

(Visited 69 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In