मसूरी में हरियाणवी पर्यटकों की स्थानीय लोगों से मारपीट, प्लास्टिक क्रेट से किया महिला पर हमला
MUSSOORIE: मसूरी में बदतमीज पर्यटकों का हंगामा आम बात हो गया है। बीती रात मामूली सी बात पर हरियाण से आए पर्यटकों की स्थानीय लोगों से तीखी झड़प हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक टूरिस्ट ने प्लास्टिक की क्रेट से एक महिला समेत कई लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें वो घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है
जानकारी के मुताबिक देर रात किसी बात को लेकर हरियाणा से आए एक पर्यटक की स्थानीय दंपति से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पर्यटक ने सामने की दुकान से प्लास्टिक का क्रेट उठाकर हमला कर दिया। क्रेट का जोरदार वार महिला के सिर पर लगा, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। वहीं उसके पति पर भी कई बार वार किया गया आरोपी ने बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों पर भी हमला करने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार आरोपी हरियाणा का निवासी है और घटना के समय शराब के नशे में बताया जा रहा था। आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई की गई है साथ ही उसके वाहन का भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया है। हमले में घायल महिला को तत्काल उप जिला चिकित्सालय मसूरी ले जाया गया, जहां इलाज जारी है।