बजट 2026: इस घोषणा से उत्तराखंड के पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
New Delhi: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश करते हुए उत्तराखंड समेत पहाड़ी राज्यों के पर्यटन को बढ़ावा देने की बड़ी घोषणा की है। बजट में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में इको-फ्रेंडली माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने का ऐलान किया गया है।
इन ट्रेल्स के बनने से ट्रेकिंग, हाइकिंग, माउंटेन बाइकिंग और घुड़सवारी जैसे प्रकृति-आधारित पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
बजट भाषण में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि ये माउंटेन ट्रेल्स संकीर्ण, टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल होंगी। इसके साथ ही पूर्वी घाट की अराकू वैली और पश्चिमी घाट के पोटीगाई मलाई क्षेत्र में भी इसी तरह की ट्रेल्स विकसित की जाएंगी। सरकार का मानना है कि पर्यटन आने वाले समय में रोजगार और आर्थिक विकास का बड़ा इंजन बनेगा।
सीएम धामी ने की बजट की सराहना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बजट की इस घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने इसे दूरदर्शी पहल बताया। सीएम धामी ने कहा कि इससे पर्वतीय इलाकों में स्थानीय लोगों की आजीविका मजबूत होगी, युवाओं और स्थानीय निवासियों के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और पर्यटन के नए द्वार खुलेंगे।
