सीएम धामी के निर्देश, दीपावली तक सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करें, आपदा पुनर्निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का रखें ख्याल

Share this news

DEHRADUN:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पिछले दिनों आई भीषण आपदा के पुनर्वास के संबंध में बैठक ली। बैठक के दौरान सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी सड़कों को दीपावली त्योहार से तक जल्द से जल्द गड्ढा मुक्त किया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर यातायात सुविधा मिल सकें। बैठक के दौरान पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने कहा कि अभी तक प्रदेश भर में 52 फीसदी पैच वर्क का काम पूरा हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शेष 48 प्रतिशत कार्यों को त्वरित गति से पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जनपदों के प्रभारी सचिव अपने-अपने जनपदों का नियमित भ्रमण कर जनता से संवाद स्थापित करें और सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं।

बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का जल्द पुनर्निर्माण किया जाए, ताकि स्थानीय जनता को राहत मिल सके। मुख्यमंत्री ने क्षतिग्रस्त पुलों के शीघ्र निर्माण और नए पुलों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर भी बल दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि  कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय और सजगता के साथ कार्य करना होगा।

सरकार ने फैसला लिया है कि प्रभारी सचिवों के अलावा मंत्रियों को भी अपने-अपने जिलों में दो दिन के प्रवास पर भेजा जाएगा। इस दौरान वे न केवल योजनाओं की समीक्षा करेंगे, बल्कि जनता से सीधे संवाद भी स्थापित करेंगे । पहला दिन जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक और योजनाओं की समीक्षा को समर्पित होगा। प्रभारी सचिव यह सुनिश्चित करेंगे कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं चाहे वह सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार या आपदा राहत से जुड़ी हों, वास्तव में आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंच रही है या नहीं। दूसरे दिन प्रभारी सचिव जनता से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान वे स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों. ग्राम प्रधानों और युवाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और तत्काल समाधान के निर्देश देंगे।

केवल अधिकारी ही नहीं बल्कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी एक जिले में दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री धामी इससे पहले भी अपने कार्यकाल में कई बार जिलों का सीधा निरीक्षण कर चुके हैं और जमीनी स्तर पर योजनाओं की प्रगति पर नजर रखते रहे हैं।

 

(Visited 43 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In