बद्री-केदार समेत 47 मंदिरों में गैर सनातनियों का प्रवेश बैन, सारा अली खान को देना होगा एफिडेविट
DEHRADUN: चारधाम यात्रा से पहले बदरी-केदार मंदिर समिति ने बड़ा फैसला लेते हुए चार धाम सहित 47 मंदिरों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर पत्रकारवार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समेत बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधीन आने वाले सभी मंदिरों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
द्विवेदी ने बताया कि बीकेटीसी के तहत आने वाले 47 मंदिरों में गैर सनातनी प्रवेश नही कर सकेंगे।द्विवेदी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति, चाहे वह किसी भी पृष्ठभूमि से क्यों न हो, सनातन धर्म में अपनी आस्था व्यक्त करता है और इसके लिए शपथ पत्र देता है, तो उसे मंदिर में दर्शन की अनुमति दी जा सकती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि सारा अली खान जैसी हस्ती भी केदारनाथ आती हैं, सनातन में अपनी आस्था जताती हैं और एफिडेविट देती हैं, तो उन्हें दर्शन से नहीं रोका जाएगा। चारधाम आने वाले विदेशी यात्री भी अगर एफिडेविट देते हैं कि उनकी सनातन में आस्था है तो उनको बी दर्शन से नही रोका जाएगा। समिति के अनुसार, यह शपथ पत्र मंदिर परिसर में ही उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालु मौके पर ही अपनी आस्था का प्रमाण दे सके।

दरअसल सारा अली खान बाबा केदारनाथ की भक्त हैं। वो हर साल यहां आकर पूजा करती हैं। उनका केदारनाथ से खास जुड़ाव फिल्म केदारनाथ से भी माना जाता है, जिससे उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म की शूटिंग भी केदारनाथ घाटी में हुई थी, जिसके बाद से वह समय-समय पर यहां आकर पूजा-अर्चना करती नजर आई हैं।
बीकेटीसी ने चारधाम यात्रा को लेकर अन्य नियमों की भी जानकारी दी। इसके बदरीनाथ केदारनाथ मंदिरों के गर्भ गृह में मोबाइल पर प्रतिबंध रहेगा। मंदिर परिसर में भी मोबाइल और फोटोग्राफी के लिए सीमित स्थान तय किया जाएगा। ये नियम सभी तरह के श्रद्धालुओं पर लागू रहेगा। मोबाइल रखने के लिए मंदिरों में क्लॉक रूम उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए एसओपी तैयार की जा रही है।
