बीजेपी नेता बंशीधर भगत ने हिंदू देवियों पर की अमर्यादित टिप्पणी, बोले विद्या चाहिए तो सरस्वती पटाओ

Share this news

HALDWANI:  अपने उलूल जुलूल बयानों से चर्चा में रहने वाले भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं।  हल्द्वानी में बालिका दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भगत ने देवी-देवताओं पर विवादित टिप्पणी कर दी जिस पर बवाल हो गया है।

सोशल मीडिया पर भगत का ये वीडियो वायरल हो रहा है। भगत वीडियो में कह रहे हैं बालकों का नंबर तो हमेशा बाद में ही आता है। महिलाओं को संबोधित करते हुए भगत कहते हैं कि भगवान तक ने आपका पक्ष लिया है। विद्या मांगो तो सरस्वती को ‘पटाओ’, शक्ति मांगो तो दुर्गा को पटाओ और धन मांगो तो लक्ष्मी को ‘पटाओ’।

भगत यहीं नहीं थमे और भगवान शिव-विष्णु को लेकर भी अजीबोगरीब बातें कहीं। उन्होंने कहा आदमी के पास है क्या एक शिवजी हैं, वह भी पहाड़ में पड़े हुए हैं ऊपर से सिर पर सांप रखा हुआ है। इसके बाद उन्होंने भगवान विष्णु पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे समुद्र की गहराई छिपे हैं। दोनों की आपस में बात भी नहीं होती। भगत के ये बोल सुन कार्यक्रम में महिलाओं के साथ भाजपाई भी बगलें झांकने लगे।

यह पहला मौका नहीं है, जब बंशीधर भगत ने विवादित बयान दिया हो, वह हमेशा से अपने विवादित बयानों के लिए जाने जाते हैं। पहले भी वह कई ऐसे विवादित बयान दे चुके हैं, जिससे उनकी और पार्टी की किरकिरी हुई है। ऐसे में बंशीधर भगत का विवादित बयान फिर से एक बार सोशल मीडिया पर सुर्खियों में है। अब देखना होगा कि हिंदू देवी देवताओं के मामले पर बेहद संजीदा रही भारतीय जनता पार्टी देवियों के अपमान के लिए बंशीधर भगत पर क्या कार्रवाई करती है।

(Visited 194 times, 1 visits today)

You Might Be Interested In