दीवाली पर केदारधाम रंगीन रोशनी से जगमग, बद्रीनाथ धाम 17 कुंतल फूलों से सजाया गया
रुद्रप्रयाग/चमोली: दीपावली के पावन पर्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ दौरे पर केदारनाथ धाम में रौनक बढ़ गई है। दीवाली पर केदारधाम रंगबिरंगी रोशनी से जगमग नजर आ रहा है। वहीं बद्रीनाथ धाम (badrinath and kedarnath decoration on deewali) भी दीपावली के पर्व पर 17 कुंतल फूलों से सजाया गया है।

4 नवंबर को दीपावली का पावन पर्व है। 5 नवम्बर को केदारनाथ धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा है जबकि 6 नवम्बर को बाबा केदार के कपाट शीतकाल के लिए बन्द होने हैं। इस लिहाज से यह मौका बेहद खास है। इसलिए केदारनाथ धाम रात्रि के समय रंगबिरंगी रोशनी से जगमग कर दिया गया है। दिन के समय केदारधाम गेंदे के फूलों से लकदक नजर आ रहा है।
17 क्विंटल फूलों से ऐसे सजा बद्रीनाथ
धनतेरस के पावन पर्व पर भगवान बद्री विशाल के मंदिर को दीपावली के लिए 17 क्विंटल गेंदे के फूलों से सजाया गया है। दीपावली के दिन बद्रीनाथ धाम में भगवान विष्णु के साथ मां लक्ष्मी की विशेष पूजा अर्चना की जाती है इसलिए भगवान बद्री विशाल के मंदिर को दीपावली के पावन पर्व पर रंग बिरंगे फूलों से सजा कर रंग-बिरंगी लाइटें लगाई जाती हैं।
मंगलवार सुबह से ही मंदिर को सजाने का काम देवस्थानम बोर्ड ने कर दिया। देर शाम तक भव्य सजावट हो गई। बद्रीनाथ धाम के कपाट 20 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंने हैं।
