भाईदूज पर 6 महीने के लिए बंद हुए केदारनाथ धाम, यमुनोत्री धाम के कपाट
RUDRAPRAYAG: भाईदूज के पावन अवसर पर बुधवार सुबह 8:30 बजे पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे। कपाट बंद होने के साथ ही बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ के लिए रवाना हो चुकी है। आज ही सुबह 10.28 बजे मां यमुनोत्री धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं। गंगोत्री के कपाट दोवर्धन पूजा पर बंद किए गए। जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद किए जाएंगे। इस तरह इस वर्षकी चारधाम यात्रा समापन की ओर है।
तड़के हुआ बाबा का महाअभिषेक
केदारनाथ धाम के कपाट बंद करने की प्रक्रिया तड़के से ही शुरू कर दी गई थी। सुबह भगवान शिव का भव्य महाअभिषेक किया गया। इसके बाद विशेष पूजा-अर्चना हुई और भोग लगाया गया। इसके बाद भगवान शिव को समाधि रूप देकर सुबह ठीक 8:30 बजे मंदिर के मुख्य कपाट आगामी छह महीनों के लिए बंद कर दिए गए। अब अगले छह महीने तक श्रद्धालु उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में ही बाबा के दर्शन और पूजा कर सकेंगे। मुख्य कपाट बंद होने के तुरंत बाद सेना के बैंड की मधुर धुनों और ‘जय बाबा केदार’ के जयकारों के बीच बाबा केदार की उत्सव डोली उखीमठ के लिए निकल पड़ी। यह डोली विभिन्न पड़ावों से होते हुए अपने शीतकालीन स्थल तक पहुंचेगी, जहां शीतकाल के दौरान नियमित रूप से बाबा की पूजा-अर्चना संपन्न होगी।

यमुनोत्री धाम के कपाट बंद
चारधाम यात्रा के तीसरे धाम यमुनोत्री के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद हो गए। भैयादूज के पावन पर्व पर बुधवार को सुबह 10.28 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही छह माह तक चलने वाली शीतकालीन पूजा-अर्चना का क्रम मां यमुना के मायके खरसाली स्थित यमुना मंदिर में शुरू हो जाएगा। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली सोमेश्वर महाराज की अगुवाई में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली के लिए रवाना हुई।
इससे पहले गोवर्धन पूजा के दिन मंगलवार को गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए। जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद किए जाएंगे।
चारधाम यात्रियों ने तोड़ा रिकॉर्ड
इस वर्ष चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। कपाट बंद होने तक करीब 19 लाख 25 हजार लोगों ने बाबा केदारनाथ के दर्शन किए। जबकि बदरीनाथ धाम में 22 लाख 55 हजार से ज्यादा यात्री पहुंचे। 16 नवंबर को कपाट बंद होने तक ये आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। इसी तरह मां गंगा और मां यमुना के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का ऐसा सैलाब उमड़ा कि आस्था के पिछले तमाम रिकॉर्ड पीछे छूट गए। इस यात्रा सीजन में गंगोत्री धाम में 10 लाख 07 हजार 177 तथा यमुनोत्री धाम में 8 लाख 84 हजार 742 श्रद्धालुओं दर्शन किए। जबकि दोनों धामों में अब तक 19 लाख के करीब श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। चारधामों और हेमकुंड साहिब में मिलाकर इस बार 64 लाख से ज्यादा तीर्थयात्रीहूूोीोc आए।