शंखनाद सभा, शुद्दीकरण और सियासत, गोदियाल का हमला, सामाजिक तानाबाना बिगाड़ना ही भाजपा का चरित्र
DEHRADUN: राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप, धरना-विरोध सबकुछ स्वीकार्य होता है, लेकिन कई बार सामाजिक विद्वेष भी पैदा हो सकता है। भाजपा से जुड़े संगठनों द्वारा हल्द्वानी रामलीला मैदान का शुद्धीकरण किए जाने पर भी ऐसा ही विवाद खड़ो हो गया है।
दरअसल यहां 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अक्ष्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की विजय शंखनाद रैली’ हुई थी। इस मैदान पर पिछले दिनों भाजपा से जुड़े कई संगठनों ने गंगा जल छिड़ककर मैदान में हवन किया और कहा कि उस व्यक्ति के आने से रामलीला मैदान अशुद्ध हो गया था जो हिंदुओं को मारने के लिए मुस्लिमों को उकसा रहा था। लोगों का आरोप है कि कांग्रेस की शंखनाद सभा के दौरान मंच से इस्लामिक नारे लगाए गए और हिंदू संगठनों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को मंच दिया गया। उनका कहना है कि रामलीला मैदान हिंदू धार्मिक आयोजनों और रामलीला मंचन का प्रमुख स्थल है और कथित गतिविधियों से इसकी धार्मिक पवित्रता प्रभावित हुई। इसी को लेकर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-यज्ञ कर स्थल की शुद्धि और धार्मिक पवित्रता की पुनर्स्थापना का प्रयास किया गया।
शुद्धीकरण का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर सामाजिक विद्वेष फैलाने का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि ये भाजपा का चरित्र है उसकी असलियत है जो पिछले कई सालों से समाज में विद्वेष फैला रही है। उन्होंने कहा कि यदि एसएसपी नैनीताल विवेक जागेगा तो ऐसे संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे अन्यथा कांग्रेस का आम कार्यकर्ता कानून के दायरे में रहकर आंदोलन करेगा।
गोदियाल ने अपने ताजा वीडियो में कहा कि जिस मंच से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राज्य के युवाओं ,माता बहिनों को संबोधित किया,भाजपा के कुछ लोगों ने उस मंच पर हवन कर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता की तौहीन की है।उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस में यही फर्क है। कांग्रेस सभी वर्गों का सम्मान करते हुए देश व समाज को जोड़ने का काम करती है जबकि भाजपा जाति,धर्म व सम्प्रदाय के नाम पर विद्वेष फैलाकर समाज को बांटने का काम करती है। उन्होंने कहा कि एसएसपी नैनीताल ने कानून की किताब पढ़ी होगी और कानून में किसी भी वर्ग के व्यक्ति की तौहीन भी अपराध की श्रेणी में आता है। लिहाजा समाज में विद्वेष फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।,अन्यथा कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से ऐसी घृणित मानसिकता के विरोध में आंदोलन करेगी।